इंदौर. चोरों ने शनिवार रात अग्रवालनगर में एक सेवानिवृत्त प्राचार्य के सूने मकान पर धावा बोला और नकदी सहित छह लाख रु. के जेवरात ले उड़े। तब परिवार विवाह समारोह में गया था। वारदात 43, अग्रवालनगर निवासी वैष्णव कॉमर्स कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डी.पी. मिश्रा के यहां हुई।
रात करीब 8.30 बजे वे बेटे डॉ. जयप्रकाश, बहू व परिवार के अन्य लोगों के साथ बंगाली चौराहा तथा कॉलोनी के ही पास दो शादी समारोह में गए थे। रात 11 बजे लौटे तो चैनल गेट खुला था। ऊपर गए तो चढ़ाव के पास मुख्य दरवाजे का ताला और एक और दरवाजे का भी ताला टूटा हुआ था।
अंदर देखा तो एक बेडरूम का दरवाजे व अलमारियों के ताले भी टूटे थे। दूसरे बेडरूम का सामान भी बिखरा हुआ था। बदमाश दोनों बेडरूम की अलमारियों में रखे करीब 650 ग्राम के जेवरात व 25 हजार चुरा ले गए जबकि चांदी के जेवरात छोड़ गए। फरियादी के मुताबिक जेवरात कुछ दिन पहले लॉकर्स से निकाले थे। कुछ जेवरातों की कड़ी टूटने के कारण सुधारने के बाद घर में ही रखा था।