News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. भाजपा की सरकार जब से प्रदेश में बनी है, तब से अब तक इतने सारे विकास कार्य हुए हैं, जितने आज तक नहीं हुए, भविष्य में थाटीपुर क्षेत्र सबसे विकसित क्षेत्र होगा। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने वार्ड 22 में एक करोड़ रुपए के निर्माण कार्य के लोकार्पण एवं भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए कही।
श्री तोमर ने कहा कि वार्ड 22 में क्षेत्रीय पार्षद हेमलता भदौरिया द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं, इसके लिए वे बधाई की पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मैं आशा करता हूं कि भविष्य में वार्ड 22 शहर का सबसे सुन्दर और विकसित वार्ड होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर विवेक नारायण शेजवलकर,जीडीए अध्यक्ष जगदीश शर्मा,भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा,भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष अभय चौधरी आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, जीडीए अध्यक्ष जगदीश शर्मा, साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, जीडीए उपाध्यक्ष धीरसिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, नगर निगम सभापति बृजेन्द्र सिंह जादौन का क्षेत्रीय पार्षद हेमलता भदौरिया ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
तोमर ने सुनीं समस्याएं
वार्ड 22 में आयोजित लोकार्पण एवं भूमि पूजन समारोह के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर रामकृष्ण मंडल के अध्यक्ष शरद गौतम के सुरेश नगर स्थित निवास पर पहुंचे। श्री तोमर ने वहां पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं, उन समस्याओं से पार्टी जिलाध्यक्ष अभय चौधरी को अवगत कराया, और उन समस्याओं के निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। इस मौके पर जीडीए उपाध्यक्ष धीरसिंह तोमर, शरद गौतम, मंडल महामंत्री उपेन्द्र सिंह बैस, गुड्डू तोमर आदि उपस्थित थे।