bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

सरकार को आठ मार्च तक का अल्टीमेटम

ग्वालियर. आल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन (अरेबिया) के महासचिव दिलीप कुमार मुखर्जी ने कहा है कि पेंशन, पदोन्नति आदि मांगों पर केन्द्र सरकार ने आठ मार्च तक निर्णय नहीं लिया तो ग्रामीण बैंकों के अधिकारी, कर्मचारी 31 मार्च को पुन: राष्ट्रव्यापी हड़ताल के लिए तैयार रहें।

श्री मुखर्जी, ग्वालियर में आयोजित मप्र राज्य ग्रामीण बैंक आफिसर्स/एम्पलाइज फेडरेशन के 11वें द्विवार्षिक अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के अधिकारी,कर्मचारियों को भी अन्य बैंक स्टाफ की तरह पेंशन व अन्य भत्तों की पात्रता मिलना चाहिए लेकिन वे अभी तक इससे महरुम हैं। अनुकंपा नियुक्ति के प्रावधान को लागू करने के लिए सरकार तैयार नहीं है लेकिन संगठन इसे लागू कराकर ही मानेगा।

श्री मुखर्जी ने नई भर्ती व पदोन्नति के मुद्दे पर कहा कि इस संबंध में प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री को ग्रामीण बैंक अधिकारी, कर्मचारियों की अपेक्षाओं से अवगत करा दिया गया है अब सरकार के रुख का इंतजार है। उन्होंने कहा कि 10 व 11 जनवरी की हड़ताल के माध्यम से केन्द्रीय सरकार से मांग की गई है कि ग्रामीण बैंकों के लिए उचित मानव संसाधन नीति बनाई जाए।

देश में ग्रामीण बैंक की 1450 शाखाओं के 70 हजार कर्मचारियों की एकजुटता के आगे सरकार को झुकना ही पड़ेगा। अधिवेशन में चंबल-ग्वालियर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव यशपाल सिंह जाट ने प्रस्ताव रखा कि ग्रामीण विकास योजनाओं के फंड को राज्य सरकार, जिला प्रशासन व जिला पंचायतें कामर्शियल बैंकों में डिपाजिट कर रही हैं जो ग्रामीण बैंकों को मिलना चाहिए। इस संबंध में राज्य सरकार से चर्चा की जाना चाहिए। अधिवेशन ने यह प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया।

संघर्ष में साथ है चेम्बर

मध्यप्रदेश चेम्बर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त अध्यक्ष हेमंत कुमार गुप्ता ने अधिवेशन में कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि ग्रामीण बैंकों में पेंशन नीति लागू नहीं है। उन्होंने कहा कि पेंशन पाने के लिए ग्रामीण बैंक संगठन के प्रयासों को चेम्बर आफ कामर्स का खुला समर्थन है। श्री गुप्ता ने चेम्बर, किसान और ग्रामीण बैंक को देश की रीड़ करार दिया। इस अवसर पर चेम्बर के मानसेवी सचिव विजय कुमार गोयल भी उपस्थित थे।

एस झा नए अध्यक्ष चुने

मप्र राज्य ग्रामीण बैंक आफिसर्स फेडरेशन के 11वें द्विवार्षिक अधिवेशन में संगठन की 19 सदस्यीय नई कार्यकारिणी चुनी गई जिसमें एस झा अध्यक्ष व केके गौर महासचिव चुने गए। कार्यकारिणी में ग्वालियर, चंबल अंचल को प्रतिनिधित्व देते हुए प्रदेश प्रवक्ता पद पर विवेक गौतम, उपाध्यक्ष अमरीश शर्मा, सचिव हरवीर सिंह तोमर व क्षेत्रीय सचिव अरविन्द त्रिवेदी चुने गए। राज्य ग्रामीण बैंक एम्पलाइज फेडरेशन की कार्यकारिणी में केके सिंह छावड़ा चेयरमैन,अजय तिवारी महासचिव,आरएस गोयल उपाध्यक्ष तथा एमएल सोनकर सचिव चुने गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: