bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

जांजगीर. जिले में 59वां गणतंत्र दिवस समारोह गरिमा और हषरेल्लास के साथ मनाया गया। हाई स्कूल मैदान पर हुए समारोह में कृषि, पशुपालन व मत्स्य पालन मंत्री मेघाराम साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मालूराम केडिया, भागवत प्रसाद शर्मा, गोविंदा प्रसाद मिश्रा को सम्मानित किया गया।

कृषिमंत्री श्री साहू ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर आलोक अवस्थी, पुलिस अधीक्षक विवेकानंद सिन्हा भी उपस्थित थे। श्री साहू ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। जिसके बाद 3 बार हर्ष फायर किया गया।

मुख्यमंत्री स्वस्थ पंचायत भवन योजना के तहत विकासखंड पामगढ़ की ग्राम पंचायत बारगांव को प्रथम व विकासखंड नवागढ़ की ग्राम पंचायत बोड़सरा को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए क्रमश: धान खरीदी के कंप्यूटरीकृत के लिए जिला सूचना अधिकारी सत्येश शर्मा व कृषि क्षेत्र के कृषि वैज्ञानिक केके चटर्जी को सम्मानित किया गया।

इसी के साथ परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक केएल दीवान के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट प्रारंभ हुआ। जिसमें केंद्रीय सुरक्षा बल 11 वीं बटालियन, जिला पुलिस बल, जिला पुलिस बल महिला, नगरसेना, एनसीसी बालिका बिग, एनसीसी 325 ट्रूप, गाइड गट्टानी हाई स्कूल व गाइड कन्या पूर्व माध्यमिक शाला की टुकड़ियों ने 'सारे जहां से अच्छा' की धुन पर मार्च पास्ट किया। कृषि मंत्री श्री साहू ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त करने के बाद शांति व उल्लास के प्रतीक श्वेत कबूतर व रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े।

स्कूली छात्र-छात्राओं नेव्यायाम प्रदर्शन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिसमें विभिन्न शालाओं के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से आकर्षक व्यायाम का प्रदर्शन किया। इसके पश्चात संकुल केंद्र शाला के छत्तीसगढ़ गीत 'छत्तीसगढ़ की महतारी तोर बखान करो', डाइट द्वारा 'लहर-लहर लहराए तिरंगा', ज्ञान भारती उमाशा द्वारा 'हो आंख का तारा,' सरस्वती शिशु मंदिर द्वारा 'अब के बरस तुझे धरती की रानी,' शासकीय कन्या उमाशा चांपा द्वारा आदिवासी नृत्य गीत 'फर-फर झंडा झूले से' व विवेकानंद उमावि द्वारा 'भारत मां के लालों का भारत माता से प्यार..' जैसे देशभक्तिपूर्ण नृत्य गीत-संगीत प्रस्तुत कर लोगों को भावविभोर कर दिया।

विभागीय झांकियों के प्रदर्शन में क्रमश: वन विभाग द्वारा वन व वन्य प्राणियों के संरक्षण, रेशम द्वारा कृमि पालन व कोसा उत्पादन, जल संसाधन द्वारा हरित क्रांति के साथ जलकर राशि में 50 प्रतिशत छूट की योजना, जिला पंचायत द्वारा राष्टीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम, स्वास्थ्य विभाग द्वारा जननी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों, सर्व शिक्षा अभियान में पुस्तक वाचन केन्द्र, मध्याह्न भोजन व निशुल्क पाठय पुस्तक योजना, मत्स्य विभाग ने मछली पालन की योजना, कृषि विभाग द्वारा बायो गैस एवं शाकम्भरी योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा घरेलू हिंसा रोकने तथा महिला सशक्तिकरण की योजनाओं और उद्यानिकी विभाग ने साग-सब्जी, फल-फूल उत्पादन का जीवंत प्रदर्शन प्रस्तुत किया।

अंत में पुरस्कार वितरण हुआ। जिसमें सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट के लिए सीनियर वर्ग में नगर सेना के संजय मिश्रा को प्रथम, जिला पुलिस बल महिला द्वितीय तथा जिला पुलिस बल पुरुष को तृतीय स्थान मिला। मार्चपास्ट के जूनियर वर्ग में एनसीसी 325 ट्रूप को तृतीय पुरस्कार मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति के लिए ज्ञान भारती उमावि को प्रथम, विवेकानंद उमावि को द्वितीय तथा सरस्वती शिशु मंदिर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसी प्रकार विभागीय झांकियों में रेशम विभाग-प्रथम, जिला पंचायत व उद्यान विभाग को संयुक्त रूप से द्वितीय व कृषि विभाग को तृतीय पुरस्कार दिया गया। अन्य पुरस्कार व प्रमाण पत्र भी दिए गए, जिसे शिक्षा विभाग ने ग्रहण किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमलादेवी पाटले, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नारायण चंदेल, विधायक मोतीलाल देवांगन, नगरपालिका अध्यक्ष मोतीलाल डहरिया, लीलाधर सुल्तानिया, राजकुमार शर्मा, जिला पंचायत सदस्य दिनेश शर्मा, सुखीराम कंवर व कृष्ण कुमार सिंगसार्वा, जनपद अध्यक्ष बद्री केशरवानी, लायंस क्लब अध्यक्ष देवेश सिंह, जिला-सत्र न्यायाधीश प्रभात शास्त्री, न्यायाधीश श्री बंजारे व श्री कुरैशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संगीता पी, अपर कलेक्टर सुकुमार चांद एवं एके तिवारी, एसडीएम एमएल गुप्ता व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: