अजमेर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अजमेर को स्नातकोत्तर इंजीनियरिंग कॉलेज का तोहफा भी दे र्गई। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि यहां इंजीनियरिंग छात्रों के लिए जल्दी ही अलग पीजी कॉलेज खोला जाएगा। जन सहभागिता से भवन और अन्य साधन जुटाए जाएंगे। उन्होंने हाथों-हाथ श्री सीमेंट समूह से नए कॉलेज के लिए पांच करोड़ रुपए दिए जाने का ऐलान भी करवा दिया।
कॉलेज के भवन निर्माण पर करीब आठ करोड़ रुपए की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अजमेर पीजी इंजीनियरिंग कॉलेज का हकदार है। जेएलएन अस्पताल में शनिवार को आयोजित शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि जल्द इसकी योजना बनाकर क्रियान्विति करें। उन्होंने कहा, बिना जन सहभागिता के कोई भी विकास कार्य नहीं हो सकते।
न्यूरो सर्जरी वार्ड के लिए श्री सीमेंट ग्रुप ने एक करोड़ रुपए दिए हैं। मुख्यमंत्री ने श्री सीमेंट के एमडी एचएम बांगड़ से आग्रह किया कि वे बड़ा दिल रखते हुए आगे आएं। बांगड़ ने मुख्यमंत्री के समक्ष ही घोषणा की कि पीजी इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए वे पांच करोड़ रुपए देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाकी तीन करोड़ रुपए यहां के जनप्रतिनिधि और सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कॉलेज के लिए जल्द ही उपयुक्त जगह का चयन किया जाए।
आईआईटी को बैलेंस करने के लिए
पीजी इंजीनियरिंग कॉलेज दरअसल अजमेर की आईआईटी की मांग को बैलेंस करने का प्रयास माना जा रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज में चार नए सब्जेक्ट माइक्रो इलेक्ट्रोनिक्स, एनर्जी सिस्टम, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग तथा आईटी में एम. टेक खोले जाने की मंजूरी दी जा चुकी है। जुलाई में विद्यार्थी सात सब्जेक्ट में प्रवेश ले सकेंगे। सीटें 18 से बढ़ाकर 25-25 कर दी गई हैं।
आरपीएससी-बोर्ड में अध्यक्ष जल्द
मुख्यमंत्री ने कहा है कि राजस्थान लोक सेवा आयोग और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द कर दी जाएगी। ‘भास्कर’ से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आरपीएससी में सदस्यों और अध्यक्ष की नियुक्ति की कार्रवाई चल रही है, फरवरी में नियुक्ति कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अजमेर के सौंदर्यन और विकास से संतुष्ट हैं। आगे भी इसी गति से विकास होगा।
तारागढ़ विकास के लिए एक करोड़
मुख्यमंत्री ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान के किले तारागढ़ के विकास के लिए एक करोड़ रुपए की स्थायी निधि बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तारागढ़ के विकास की मांग को देखते हुए यह निधि स्थापित की जाएगी। इसके लिए एक तंत्र विकसित किया जाएगा जो वहां के विकास की नीति निर्धारित करेगा।
गहलोत सरकार पर कटाक्ष
वसुंधरा राजे ने शनिवार को प्रदेश की पूर्व गहलोत सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उस समय जब लोग विकास कार्यो के लिए जयपुर जाते थे तो उन्हें पैसा नहीं होने की बात कह कर मना कर दिया जाता था। अब भाजपा के शासनकाल में पैसों की कमी नहीं है और आगे भी नहीं आने दी जाएगी।