अजमेर. बर्फीली हवाओं ने रात दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को ठिठुराकर रख दिया। कई लोगों ने तो शादी-ब्याह में जाने से भी समझौता कर लिया। जिसने जैसे-तैसे हिम्मत दिखाई वे तुरत-फुरत में ही कांपते हुए घरों को लौटते दिखे। हर किसी की जुबां पर रहा, ‘अजमेर में ऐसी सर्दी तो ना देखी, बाप रे बाप।’ पिछले एक सप्ताह से जारी शीतलहर ने रविवार की रात काटना मुश्किल कर दिया।
दिन में खिली धूप भी तेज सर्दी से राहत नहीं दिला पाई। पिछली रात शहर का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बीच श्रीगंगानगर में पारा शून्य से नीचे फिसल गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरी भागों में अधिकतर स्थानों पर अगली दो रातों में पाला पड़ेगा। शीतलहर का दौर फिलहाल बना रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में सर्दी के तेवर काफी तीखे हैं।
प्रदेश में सर्वाधिक ठंडा स्थान श्रीगंगानगर रहा जहां पारा (-0.1) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज सर्दी में प्रदेश का जनजीवन अस्त-व्यस्त है। रेगिस्तानी इलाकों में भी सर्दी ने लोगों का चैन छीन लिया है। चूरू में पारा 0.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
शहर में ठंड से एक की मौत
दरगाह थाना इलाके के चौधर मोहल्ले में रविवार रात सर्दी से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच है। उसने टीशर्ट व पेंट पहन रखी है। पुलिस मान रही है कि मरने वाला दरगाह इलाके में भीख मांगने वाला है।
उसके पास से एक कंबल भी मिला। लोगों ने बताया कि वह कई दिनों से इलाके में भीख मांग कर गुजारा कर रहा था। पुरानी बीमारी से ग्रस्त भिखारी की ठंड के कारण रविवार रात मौत हो गई। दरगाह थाने के एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।