bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

सुरक्षा बंदोबस्त की खुली पोल

अजमेर. पटेल स्टेडियम में शनिवार को आयोजित राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा बंदोबस्त की पोल खुल गई। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान एक निजी कॉलेज का चौकीदार राज्यपाल से हाथ मिलाने मंच पर पहुंच गया। पुलिस ने उसे संदिग्ध मानते हुए गिरफ्तार कर लिया। समारोह में राज्यपाल एसके सिंह होमगार्ड के जवानों को पुरस्कृत कर रहे थे। इस बीच, आर्य भट्ट कॉलेज का चौकीदार गेगल निवासी बिंदु खां खाकी वर्दी में मंच पर पहुंच गया।

उसने राज्यपाल से हाथ मिलाया और फोटो खिंचवाने का प्रयास किया। संदिग्ध व्यक्ति के राज्यपाल के करीब पहुंचते ही मंच पर बैठे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। वहां खड़े पुलिस की विशेष शाखा के प्रभारी सुरेंद्र भाटी खां को पकड़कर दूर ले गए। एसपी आनंद श्रीवास्तव ने पूछताछ करने के बाद उसे गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने बिंदू खां को संदिग्ध मानते हुए गिरफ्तार किया। बाद में रविवार दोपहर उसे एडीएम सिटी के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

..और छूट पड़ा हंसी का फव्वारा

ध्वजारोहण से पहले पटेल स्टेडियम में घुस आए श्वान को भगाने के लिए कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। समारोह के दौरान मैदान में श्वान को घूमता देख दर्शकों के बीच हंसी का फव्वारा छूट पड़ा। बाद में कर्मचारियों ने उसे मैदान से बाहर खदेड़ा।

आपराधिक रिकॉर्ड नहीं

जांच अधिकारी डीएसपी सुलेश चौधरी ने बताया कि बिंदु खान से पूछताछ और उसके बारे में तफ्तीश की गई, लेकिन उसका आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला। गांव में खां की करीब 13 बीघा जमीन लोगों ने हथिया ली है। उसने पुलिस और कोर्ट में गुहार की, लेकिन हक नहीं मिला। वह राज्यपाल को मामले की जानकारी देना चाहता था।

डीजी भी खफा: सुरक्षा इंतजामों को लेकर पुलिस महानिदेशक ने आइजी हेमंत पुरोहित से नाराजगी जताई। मुख्य समारोह के बाद मुख्यमंत्री जब बच्चों से मिलने के लिए मैदान में गई तो नागरिकों ने उन्हें घेर लिया। सीएम से मिलने के लिए लोगों में होड़ लग गई। इससे वहां पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मैदान में जवान कम होने पर एसपी आनंद श्रीवास्तव सहित अन्य अफसरों को भीड़ हटाने के लिए जुटना पड़ा।

सीएम के जाते ही डीजी अमरज्योति सिंह गिल ने आइजी पुरोहित पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि, मैदान में सीएम की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में जवान भी मौजूद नहीं थे। इसके बाद डीजी ने उन्हें आगे की व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए।

एसपी से ली जानकारी

सीएम की सुरक्षा के लिए जयपुर से आए अधिकारियों ने एसपी आनंद श्रीवास्तव से मामले की विस्तृत जानकारी ली। राज्यपाल और मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारियों ने जिला पुलिस से पूछा कि आखिरकार बिंदु खां राज्यपाल तक कैसे पहुंचा। उसे पहले ही क्यों नहीं रोका गया। बाद में सुरक्षा अधिकारियों के कहने पर एसपी ने खां को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए और डीएसपी को जांच करने को कहा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: