भोपाल. राज्यपाल डॉ. बलराम जाखड़ ने कहा है कि मप्र की पहचान देश के तेजी से बढ़ते राज्य के रूप में हो रही है। प्रदेश में 32 हजार किमी. सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। 114 बड़े पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है इससे समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। वे शनिवार को यहां लालपरेड मैदान पर आयोजित राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने झंडावंदन किया और परेड की सलामी ली। पीली राजस्थानी पगड़ी बांधे राज्यपाल ने जनता का अभिवादन किया।
राज्यपाल डॉ. जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में 3462 सड़कें बनाकर 4286 गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ा गया है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए 'एग्री बिजनेस मीट' का आयोजन किया गया।
इसके पूर्व उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। उनके साथ डीजीपी आनंदराव पवार भी थे। परेड का नेतृत्व छतरपुर में पदस्थ एएसपी शैलेंद्र सोलंकी ने किया। वे भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2006 बैच के अफसर हैं। परेड में रैपिड एक्शन फोर्स की टुकड़ी सबसे आगे थी। परेड में 19 टुकड़ियों ने भाग लिया।
परेड के बाद स्कूली बच्चों और प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां कीं। झाबुआ से आए कलाकारों ने भगौरिया और डिंडोरी के कलाकारों ने बैगा जनजाति का परधौनी नृत्य पेश किया।