मुंगावली-पिपरई.
26 जनवरी को जहां पूरे देश में गणतंत्र दिवस उमंग और उत्साह के साथ मनाया जा रहा था। इसी समय नगर में ब्लाक कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर उल्टा तिरंगा फहराकर ध्वज का अपमान किया गया। इधर विकासखंड शिक्षा कार्यालय में झंडा फहराया ही नहीं गया। गणतंत्र दिवस के मौके पर नगर में ब्लाक कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर अध्यक्ष सुभाष मोदी ने तिरांगा झंडा उल्टा फहरा दिया।
इसके बाद यहां मौजूद कांग्रेसियों ने झंडावंदन के बाद राष्ट्रगीत का भी गायन कर लिया, मगर इस भूल की तरफ किसी का ध्यान नहीं गया। राष्ट्रगीत के समापन के बाद कुछ लोगों का ध्यान जब तिरंगे पर गया तो पाया कि झंडे की हरे रंग की पट्टी ऊपर और केसरिया पट्टी नीचे की तरफ है।
इसके बाद आनन-फानन में झंडे को उतार कर सीधा किया गया। इसके बाद दोबारा से झंडा फहरा दिया गया। हालांकि इस बारे में प्रशासन से कोई शिकायत अभी तक नहीं की गई है। वहीं इस घटना को कांग्रेसी मानवीय भूल बता रहे हैं।
दूसरी नगर के विकासखंड शिक्षा कार्यालय पर अधिकारियों ने झंडा ही नहीं फहराया। पूछने पर प्रभारी बीईओ ऋषि शर्मा ने कहा कि कार्यालय के पास ही बीआरसी कार्यालय में झंडावंदन किया गया है, इसलिए उन्होंने अलग से झंडा वंदन करना उचित नहीं समझा। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस बात की शिकायत एसडीएम से की जाए और अगर वह जांच के आदेश दें तो मैं इस बारे में कुछ बताऊंगा।
पिपरई कस्बे में दूरसंचार विभाग के एक्सचेंज पर भी झंडा वंदन करने कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहा। कर्मचारियों के गायब रहने से गणतंत्र दिवस के मौके पर यहां ध्वज नहीं फहराया गया और दिनभर कार्यालय में ताला लटका रहा।