News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर.
पुलिस ने रविवार को भारत-आस्ट्रेलिया मैच पर पांच करोड़ का सट्टा पकड़ा है। मौके से पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर मोबाइल, टीवी, करोड़ों के हिसाब-किताब की डायरियां बरामद की हैं। इसे पुलिस की अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। इससे पहले कार्रवाई के दौरान इतने बड़े हिसाब की पर्चियां नहीं मिली हैं।
शहर कोतवाल महमूद खान ने बताया कि भारत-आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज पर कई दिनों से सट्टा खेले जाने की सूचना मिल रही थी। रविवार दोपहर एसपी समीर कुमार सिंह व डीएसपी (सिटी) अनंत कुमार के निर्देश पर बजाज रोड पर पुरुषोत्तम काबरा के मकान पर दबिश दी गई। यहां से क्रिकेट सट्टा करते उमेश काबरा पुत्र पुरुषोत्तम काबरा निवासी वार्ड संख्या 33 को गिरफ्तार किया गया।
मौके से डीटीएच डिस, रंगीन टीवी, एक पांच इंच टीवी, चार मोबाइल फोन, चार सट्टे के हिसाब की डायरी जब्त की गई। डायरियों में दर्ज हिसाब मिलाने पर पांच करोड़ रुपए का हिसाब मिला है।
डायरियों में छुपे बड़े नाम : मौके पर मिली हिसाब की डायरियों में कई बड़े लोगों के नाम मिले हैं। शहर कोतवाल महमूद खान ने बताया कि फिलहाल इन्वेस्टिगेशन के लिहाज से इन नामों को उजागर नहीं किया जा रहा है, मगर इन्हें भी जांच के दायरे में लाया जाएगा। इसके अलावा वहां मिले मोबाइल फोन की काल डिटेल भी निकलवाई जाएगी।
गुवाहाटी से शेखावाटी आनलाइन कारोबार
गिरफ्तार सटोरिए के तार काफी लंबे तक जुड़े हैं। आधुनिक उपकरणों के माध्यम से वह मुंबई व जयपुर से भाव लेकर पूरे शेखावाटी में करोड़ों रुपए का क्रिकेट सट्टा खेल रहा था। शहर कोतवाल महमूद खान ने बताया कि आरोपी टीवी पर मैच देख रहा था और मुंबई, गोहाटी व सूरत से आनलाइन लोगों से उसके तार जुड़े हुए थे।
सट्टे के भाव लेने के लिए बाहर से मोबाइल पर फोन आ रहे थे। जांच में सामने आया है कि यहां मकान में बैठे आरोपी के पास अन्य राज्यों से सटोरिया भाव लगा रहे थे। यह सिलसिला आस्ट्रेलिया में शुरू हुई सीरीज के साथ शुरू हो गया था।
सट्टा सरगना असलम बाबा!
पुलिस पूछताछ में सट्टा सरगना के तौर पर असलम बाबा का नाम आ रहा है। गिरफ्तार आरोपी से बाबा का नाम आते ही पुलिस ने असलम की तलाश शुरू कर दी है, मगर वह हाथ नहीं आया। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक तौर पर सामने आया है कि उमेश काबरा सारा काम असलम बाबा के इशारे पर कर रहा है और असलम फाइनेंसर है। वह सारा हिसाब-किताब असलम बाबा को देता है।
महिलाओं ने किया विरोध
कार्रवाई के लिए सटोरिए के घर पहुंची पुलिस को एकबारगी विरोध का सामना करना पड़ गया। शहर कोतवाल महमूद खान ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस बताए स्थान पर पहुंची। यहां घर में मौजूद महिलाओं ने घर उमेश का होने से इंकार दिया। इस दौरान एक सिपाही पीछे से घर में घुस गया। वहां देखा कि उमेश काबरा अंदर घूम रहा था। इसी दौरान पुलिस कमरे में घुसी तो वहां सट्टे के उपकरण पड़े हुए थे।
ऐशगाह बना शेखावाटी बाहरी सटोरिए भी सक्रिय
काफी अरसे से शेखावाटी सटोरियों की ऐशगाह बना हुआ है। सूत्र बताते हैं कि शेखावाटी के चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिले में सटोरिए सक्रिय हैं। इससे पहले झुंझुनूं में कोलकाता, जयपुर से आए सटोरिए पकड़े भी जा चुके हैं। वहीं सीकर में भी पुलिस ने शहर व आस-पास के क्षेत्र में कार्रवाई कर कई बार लाखों का क्रिकेट सट्टा करते आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
बार-बार पुलिस कार्रवाई में पकड़े जाना इसी ओर इंगित करता है कि शेखावाटी में बाहरीसेंध है। लगातार सट्टे की कार्रवाई की वजह से पुलिस की सटोरियों पर विशेष नजर रहती है। पुलिस का कहना है कि बड़े शहरों में पकड़े जाने के डर की वजह से छोटे शहरों की ओर से सटोरिए रुख कर रहे हैं।
जमीन पर भी सटोरियों की नजर : धन कमाने के लिए सटोरियों ने कई कारोबारी रास्ते खोज लिए हैं। पुलिस ने कुछ महिने पहले भू-माफियाओं के खिलाफ मुहिम छेड़ी थी। इस दौरान करवाए गए सर्वे में सटोरियों के प्रोपर्टी में निवेश की बात प्रमुखता से सामने आई थी।
सूत्र बताते हैं कि सटोरिए भू-माफियाओं को साथ लेकर संपत्तियों का सौदा करते हैं। जमीनें डबल भाव देकर खरीदी जा रही हैं। निवेश का यह खेल जयपुर की सैटेलाइट सिटी सीकर से लेकर चूरू, झुंझुनूं के अंतिम छोर तक चल रहा है। फायनेंस, गोल्ड, शेयर और लग्जरी गाड़ियां में इन्वेस्ट भी खूब रास आ रहा है।