हैदराबाद. तेलुगू फिल्मों के सुपर स्टार चिरंजीवी के समर्थकों ने सोमवार को अभिनेता राजशेखर और उनके परिवार पर हमला कर दिया। समर्थक राजशेखर द्वारा चिरंजीवी के बारे में की गई टिप्पणी से नाराज थे।
रेलवे स्टेशन से घर जाते समय शहर के हृदयस्थल पंजगुट्टा में राजशेखर की कार पर चिरंजीवी प्रशंसकों ने हमला किया। कार में राजशेखर के परिजन भी थे। इस हमले में कार के कांच टूट गए और राजशेखर की पत्नी जीविता व दो बेटियों को चोटें आई हैं।
जीविता और उनकी दोनों बेटियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। राजशेखर और जीविता ने इस हमले के पीछे चिरंजीवी का हाथ होने का आरोप लगाया है। पूर्व अभिनेत्री जीविता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, पुलिस ने राजशेखर के घर पर सुरक्षा के इंतजाम भी किए हैं।
गौरतलब है कि रविवार को राजशेखर ने कहा था कि वे चिरंजीवी द्वारा बनाई जाने वाली राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगे क्योंकि चिरंजीवी को राजनीति का कोई अनुभव नहीं है। इससे नाराज चिरंजीवी प्रशंसकों ने गुंटूर और विजयवाड़ा में प्रदर्शन कर राजशेखर से माफी मांगने की मांग की थी।
बताया गया है कि राजशेखर और जीविता टीवी चैनल स्टूडियो में इस हमले के बारे में बयान देने गए थे उस वक्त चिरंजीवी अपने एक रिश्तेदार के साथ राजशेखर के घर पहुंचे और उनके बच्चों से मुलाकात की।