भोपाल. आयुर्वेद कॉलेज, जबलपुर के प्राचार्य ने बड़े पैमाने पर यात्रा के बिलों में हेराफेरी कर शासन को चूना लगाया है। शिकायत की जांच करके कार्रवाई करने के निर्देश भारत सरकार के केंद्रीय सर्तकता आयोग ने मप्र के मुख्य सचिव को दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार प्राचार्य डॉ. जीएस कलचुरी द्वारा की जा रही अनियमितताओं के विरुद्ध जबलपुर में भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के पूर्व नगर मंत्री ऋषि अरोरा ने राष्ट्रपति, केंद्रीय सर्तकता आयोग, सीबीआई, मप्र के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव, आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो, लोकायुक्त आदि को शिकायत की थी।
शिकायत में साक्ष्यों के साथ बताया गया है कि डॉ. कलचुरी ने दर्जनों बार ट्रेन में एसी सेकंड क्लास के टिकट को निरस्त कराकर साधारण स्लीपर से यात्रा की, परंतु शासन से किराया एसी सेकंड क्लास का वसूला। दैनिक-भास्कर के पास साक्ष्य मौजूद हैं। इसके साथ ही डॉ. कलचुरी नान प्रैक्टिस अलाउंस (एनपीए) लेकर भी प्रैक्टिस कर रहे हैं।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए ही आयोग ने इस मामले में मप्र के मुख्य सचिव को जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।