भोपाल.
निकोलस पिरामल ग्रुप के अधिकारी अश्विनी भट्ट के अपहरण को लेकर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा किए गए दावे संदेह से घिर गए हैं। चंबल रेंज के आईजी ने सोमवार को दावा किया कि अपहरण करने वालों ने भट्ट को जिस टपरे में रखा था, वहां से कारतूस बरामद किए गए हैं। जबकि पुलिस की इस कहानी के ‘मौके’ पर न तो टपरा है और न ही खोह।
पुलिस का कहना है कि श्री भट्ट और उनके ड्राइवर को अपहरण के बाद सरायछौला थाने के तहत बीहड़ के एक टपरे में रखा गया था। सरायछौला पुलिस का कहना है कि श्री भट्ट को नदुआपुरा व गड़ोरा गांव के बीच एक खोह के पास से बरामद किया गया। भास्कर संवाददाता ने सोमवार को मुरैना जिला मुख्यालय से 31 किमी दूर इस स्थान का निरीक्षण किया।
उसने पाया कि वहां न तो टपरा है और न ही खोह। श्री भट्ट की कथित बरामदगी वाले स्थान पर पशु चरा रहे गड़ोरा गांव के औतार गुर्जर और रामकुमार गुर्जर ने संवाददाता को बताया कि उन्होंने 26 तारीख को वहां पुलिस या अपहरणकर्ताओं की कोई गतिविधि नहीं देखी थी। भोपाल से संवाददाता के अनुसार श्री भट्ट को 25 लाख की फिरौती मिलने के बाद छोड़ा गया।
एसटीएफ को इसकी सूचना उस समय ही मिली जब छूटने के बाद 25 जनवरी की रात को श्री भट्ट ने आगरा में एक पीसीओ से अपने घर फोन किया। इसके ग्वालियर में डेरा डाले एसटीएफ के अफसर आगरा पहुंचे और श्री भट्ट को घड़ियाल सेंचुरी के गेस्ट हाउस में लाकर रखा। 26 जनवरी को एसटीएफ के आईजी संजीव कुमार सिंह दोनों अपह्तों को लेकर ग्वालियर आए और पत्रकारों से बात की।
अनुत्तरित सवाल
- अपहरण किस गिरोह ने किया था।
- अपहरणकर्ताओं से पुलिस की कोई मुठभेड़ नहीं हुई।
- पुलिस जिस जगह श्री भट्ट को रखा जाना बता रही है वहां का रास्ता इतना संकरा था कि वहां से एक आदमी ही निकल सकता था। इसके बावजूद पुलिस के आने और अपहरणकर्ताओं के भाग जाने की बात कही जा रही है।
-जब दोनों अपह्तों को मुक्त कराया गया, 60 पुलिसकर्मी वहां गए थे, लेकिन किसी ने भी उस कमरे की तलाशी नहीं ली, जहां श्री भट्ट को रखा गया था। यह काम सोमवार को क्यों किया गया?
गुर्जर गैंग ने किया था अपहरण
ग्वालियर जिले के घाटी गांव से एक स्थानीय गैंग ने यह अपहरण किया था। इस गैंग ने बाद में दोनों अपह्तों को गुर्जर गैंग को सौंप दिया था। इस गैंग का सरगना राजन गुर्जर है। अब पुलिस इस गिरोह के अलावा कुछ स्थानीय बदमाशों की तलाश कर रही है। इस सिलसिले में मुरैना में चार युवकों को हिरासत में लिया गया है।