इंदौर. भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के मोबाइल उपभोक्ता बिल सेंटरों की कमी से परेशान हैं। अधिकांश ग्राहकों को बिल भरने के लिए कम से कम तीन किमी दूर जाना होता है। शहर में 40 हजार से ज्यादा पोस्टपेड मोबाइल उपभोक्ता हैं और बिल सेंटर सिर्फ चार।
शहर में नेहरू पार्क, योजना 71, मेघदूत पार्क और ट्रांसपोर्टनगर एक्सचेंज पर ही मोबाइल के बिल लिए जाते हैं। योजना -71 और ट्रांसपोर्टनगर एक्सचेंज पर तो सिर्फ एक ही खिड़की पर ये बिल लिए जाते हैं। ऐसे में बिल भुगतान की तारीख के अंतिम दिन लंबी कतारे लगने लगती हैं। लैंडलाइन कनेक्शन के बिल भरने की डाक घरों पर सुविधाएं हैं किंतु वहां मोबाइल के बिल नहीं लिए जाते। लोगों का कहना है यदि लैंडलाइन के बिल सेंटर्स पर मोबाइल के बिल भी लिए जाएं तो समस्या कम हो जाएगी। अब बीएसएनएल के मोबाइल उपभोक्ता लगातार बढ़ रहे हैं।
यहां होती है परेशानी
परामनगर, बख्तावररामनगर, पलासिया, पत्रकार कॉलोनी, श्रीनगर मेन-एक्सटेंशन, रेसीडेंसी क्षेत्र, नौलखा और छावनी क्षेत्र में रहने वालों को ट्रांसपोर्टनगर या नेहरू पार्क जाना पड़ता है। योजना -71 पर क्रांति कृपलानीनगर, राजेंद्रनगर, अन्नपूर्णा रोड क्षेत्र, सुदामानगर, एमओजी लाइंस, द्रविड़नगर, वैशालीनगर, सूर्यदेवनगर, द्वारकापुरी के उपभोक्ता पहुंचते हैं। ऐसे ही मेघदूत पार्क एक्सचेंज पर सुखलिया, विजयनगर, एलआईजी, एमआईजी, राजीव आवास विहार, योजना-114 के उपभोक्ता पहुंचते हैं।
डाकघरों में भी जल्द शुरू करेंगे
बीएसएनएल इंदौर के महाप्रबंधक सी.एस. भनोत का कहना है जल्द ही डाकघरों में भी मोबाइल बिलों के भुगतान की व्यवस्था शुरू की जा रही है। हम भी चाहते हैं उपभोक्ताओं को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मिलें।