bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

इंदौर : 11 घंटे, 3 हत्या

इंदौर. रविवार रात 12.30 बजे से सोमवार सुबह 11 बजे के बीच शहर में तीन हत्याएं हो गईं। पुलिस ने एक मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

बालिका का गला रेंतकर लाश फेंकी- पूर्वी रिंगरोड पर पुष्प विहार कॉलोनी के मैदान में सुबह 11 बजे लोगों ने 12 वर्षीय बालिका की लाश देखी। उसका गला रेंता हुआ था। आशंका है हत्या कहीं और कर लाश यहां फेंकी गई है।

नहीं पहचानी जा सकी बालिका की लाश

पुष्प विहार कॉलोनी में बालिका की लाश की सूचना मिलने पर सीएसपी बिट्टू सहगल और एफएसएल प्रभारी डॉ. सुधीर शर्मा मौके पर पहुंचे। उसका गला शाल से बंधा था और कुछ खून भी बहा था। एक चप्पल दूर पड़ी थी। पुलिस ने शाल हटाई तो पाया गला रेंता गया है। घटनास्थल पर बालिका के साथ संघर्ष का कोई साक्ष्य नहीं मिला। इससे तय किया गया हत्या कहीं और की गई होगी।

पुलिस ने आसपास की बस्तियों के लोगों को बुलाकर शिनाख्ती के प्रयास किए लेकिन किसी ने नहीं पहचाना। विजयनगर चौकी, लसूड़िया और खजराना थाने में तीन दिन में दर्ज गुमशुदगियों की जानकारी भी ली गई लेकिन ऐसा कोई मामला नहीं मिला।

प्रारंभिक जांच में पता चला उसे संभवत: कोई परिचित व्यक्ति बरगलाकर कहीं ले गया होगा। फिर जर्बदस्ती के प्रयास में या दुश्मनी के चलते गला रेंत दिया। बालिका का शव एमवाय अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखा है। वह गुलाबी सलवार सूट पहने थी।

नौ दिन पहले हुई थी निशा की हत्या

नौ दिन पहले स्कीम-54 निवासी चौकीदार मनोहरसिंह की 9 वर्षीय बेटी निशा उर्फ काली को पड़ोस में रहने वाले बाबा शंकरलाल नंदराम ने मार डाला था। वह उसे बरगलाकर उषानगर एक्सटेंशन ले गया और जबर्दस्ती की। विरोध करने पर उसने गला घोंट दिया। ऐसे ही ढाई साल पहले बिजासन टेकरी के पास 9 वर्षीय शानू की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। उसके आरोपी भी नहीं पकड़े जा सके।

बदला लेने के लिए सिर पर गोलियां दागी- रविवार रात 12.30 बजे मालवा मिल अनाज मंडी में सिटी हास्पिटल के पीछे वल्लभनगर निवासी चंद्रकांत पंडित पिता रमेशदास और आतिश दुबे का राजेश पंवार, जीतू, नवीन उर्फ नवनीत से विवाद हुआ। तब राजेश ने चंदू के सिर पर गोलियां दागीं। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमले में आतिश भी घायल हुआ।

भाई से मिलने निकला था, रास्ते में गोद दिया- सोमवार सुबह 9 बजे शांतिनगर (सांवेर रोड) में राह चलते लोगों ने लालजीराम पिता धूलजी जाटव निवासी शिवकंठनगर को लहुलूहान पड़े देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच उसके परिजन भी पहुंच गए। वे उसे एमवाय अस्पताल ले गए जहां मृत घोषित कर दिया गया। वह सुबह उज्जैन निवासी भाई रामसिंह से मिलने के लिए निकला था। आशंका है हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: