बीकानेर. वार्षिक परीक्षाओं को देखते हुए माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के रिक्त पदों पर भी विद्यार्थी मित्र लगाए जा सकेंगे।राज्य सरकार ने इसकी स्वीकृति जारी कर दी है। इस मद में शिक्षक 28 फरवरी तक स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ा सकें।
माध्यमिक शिक्षा विभाग में विद्यार्थी मित्र योजना हालांकि कुछ माह पहले ही लागू कर दी गई थी लेकिन उस वक्त तृतीय श्रेणी शिक्षकों के रिक्त पदों पर इस योजना के तहत शिक्षकों को लगाने की मंजूरी नहीं दी थी, जबकि यह पद काफी संख्या में रिक्त पड़े हैं। विभाग को प्रारंभिक शिक्षा से भी तृतीय श्रेणी शिक्षक नहीं मिल सके हैं।
सरकार ने पूर्व में द्वितीय श्रेणी तथा व्याख्याताओं के रिक्त पदों पर विद्यार्थी मित्र लगाने की मंजूरी दी थी। इनके रिक्त पदों को भी अब प्लान और नोन प्लान में विभाजित कर दिया गया है। विभाग में द्वितीय श्रेणी और व्याख्याताओं के दस हजार से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। इन पदों पर अब तक मात्र सात हजार विद्यार्थी मित्र ही लगाए जा सके हैं।
गौरतलब है कि राज्य की माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में कोर्स अब तक पूरे नहीं हो सके हैं, जबकि वार्षिक परीक्षाएं नजदीक हैं। गत वर्ष हुए शिक्षक तबादलों के कारण स्कूलों में शिक्षकों का गणित बिगड़ा हुआ है।
विभाग ने तीन हजार विषय व्याख्याताओं के प्रस्ताव सरकार को भेजे थे। उनकी भी मंजूरी नहीं मिली। व्याख्याता पदों की रिव्यू डीपीसी भी नहीं हो पा रही है। विभाग अब विद्यार्थी मित्र लगाकर कोर्स पूरा करवाने के प्रयास में जुटा हुआ है। इस संबंध में उपनिदेशक और जिला शिक्षा अधिकारियों को हाल ही में लिखा गया है।