बीकानेर. जामसर थाना पुलिस को दाऊद के शूटर की फरारी के दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश करने के लिए अभियोजन की स्वीकृति का इंतजार है।
जामसर थाना पुलिस ने दाऊद के शूटर की फरारी का अनुसंधान पूरा कर चालानी गार्ड के पुलिसकर्मी हैड कांस्टेबल दुर्गाराम मेघवाल, कांस्टेबल राजेन्द्रप्रसाद शर्मा, तेजसिंह जाटव व छगनलाल खटीक को दोषी माना है। तžकालीन एसपी अशोक राठौड़ ने इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ चालान के आदेश भी दे दिए थे।
जामसर पुलिस ने न्यायालय में चालान पेश करने के लिए अभियोजन की स्वीकृति मांगी थी जो उसे नहीं मिल पाई है। जामसर एसएचओ भूराराम खिलेरी के अनुसार एसपी कार्यालय से अभियोजन की स्वीकृति मिलने पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि चालानी गार्ड के चारों पुलिसकर्मी केन्द्रीय कारागृह में सजायाफ्ता दाऊद के शूटर अनिल सोनी उर्फ इकबाल को तारीख पेशी पर दिल्ली ले गए थे।
अवध-आसाम एक्सप्रेस से वापस लौटते समय अनिल पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिसकर्मियों के खिलाफ जामसर थाने में लापरवाही और मिलीभगत का मुकदमा दर्ज करवाया गया था। अनुसंधान में पुलिसकर्मियों को दोषी माना गया।