News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. ईस्टन रेलवे के कोलकाता कार्यालय के मदर बोर्ड में आई खराबी के चलते डेढ़ घंटे तक रिजर्वेशन का काम ठप रहा। यही स्थिति पूरे जोन समेत भुवनेश्वर, ईस्टन रेलवे, साउथ ईस्टन रेलवे व ईस्ट कोस्ट रेलवे में भी रही।
रेल सूत्रों के मुताबिक सोमवार सुबह 11.40 मिनट पर अचानक रिजर्वेशन सेंटर के सभी कंप्यूटरों ने काम करना बंद कर दिया। कुछ देर तक तो काम रहे कर्मचारियों को यह स्थिति समझ में ही नहीं आई। इधर-उधर संपर्क करने के बाद स्पष्ट हुआ कि खराबी कोलकाता स्थित मदर बोर्ड में आई है। बिलासपुर जोन कंप्यूटर से होने वाले रिजर्वेशन सेंटर का मदर कंप्यूटर कोलकाता में स्थित है और इसका संचालन ईस्टन रेलवे करता है।
यह स्थिति पूरे बिलासपुर जोन समेत भुवनेश्वर, ईस्टन रेलवे, साउथ ईस्टन रेलवे व ईस्ट-कोस्ट रेलवे में बनी रही। दोपहर 1.10 पर फिर से कंप्यूटर ने काम करना चालू किया। इसके बाद कहीं जाकर लोगों को रिजर्वेशन मिलना चालू हो सका। कोलकाता में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी, अधिकारी यह नहीं स्पष्ट कर पाए। वहीं डेढ़ घंटे तक स्थिति यह थी कि न तो टिकट बन रहा था और न ही किसी ट्रेन का चार्ट निकल पा रहा था।
इसके चलते यात्रियों को बहुत ज्यादा परेशान होना पड़ा। टिकट न बन पाने के कारण तो यात्री परेशान ही थे, वहीं इस दौरान रवाना होने वाली ट्रेनों का रिजर्वेशन चार्ट न निकल पाने के कारण वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को ट्रेनों में जगह की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। दोपहर 1.10 के बाद ही सारा मामला सामान्य हो सका।