News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. उत्तर की ओर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण बिलासपुर संभाग शीतलहर की चपेट में है। इसके कारण ठंड सोमवार को अपने पूरे शबाब पर रही। प्रदेश के सभी स्थानों में तेज ठंड पड़ रही है। घर से बाहर निकलने वालों को ठंडी हवा चुभती रही, जबकि शीतलहर ने उन्हें कंपकंपा दिया।
सोमवार की सुबह जब लोग सोकर उठे, उन्हें बेहद ठंड का सामना करना पड़ा। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों ने स्नान करने के नाम पर काफी हाय-तौबा मचाई तो बड़ों को भी खुद को स्नान के लिए मानसिक रूप से तैयार करना पड़ा। अधिकांश लोगों ने तो इसके लिए धूप का इंतजार किया। नहाने के बाद धूप सेंकना वे नहीं भूले।
इधर दिन में भी लोगों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने पड़े। ठंड से खुद को बचाने के लिए स्वेटर, शाल, जैकेट के अलावा लोगों ने अपने सिर में ऊन से बनी टोपियां भी लगाईं। शीतलहर के कारण पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। कल के मुकाबले आज तापमान चार डिग्री गिर गया।
बिलासपुर संभाग के सभी स्थानों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अंबिकापुर में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां आज न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक गर्म कहे जाने वाले चांपा का न्यूनतम तापमान भी 8.6 डिग्री पर पहुंच गया है, जबकि आज रायगढ़ का तापमान 8 डिग्री रिकार्ड किया गया।
राजनांदगांव का 8.2, माना व जगदलपुर का तापमान 10.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग रायपुर के तकनीकी निदेशक एमएल साहू ने बताया कि शीतलहर के कारण बिलासपुर संभाग का न्यूनतम तापमान काफी गिर गया है। आगामी 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा, जबकि तापमान एक-दो डिग्री और कम हो सकता है।