अजमेर. अजमेर-कोटा ब्रॉडगेज पर 587 करोड़ 33 लाख रुपए की लागत का आकलन किया गया है। सर्वे रिपोर्ट मुख्यालय भिजवा चुके निर्माण विभाग ने रेलवे के नए बजट में मंजूरी मिलने पर चार साल में काम पूरा होने की उम्मीद जताई है। ट्रैक का निर्माण नसीराबाद-बूंदी नई लाइन परियोजना के तहत किया जाएगा।
अजमेर से नसीराबाद तक ब्रॉडगेज है, जबकि नसीराबाद से बूंदी के बीच 145 किलोमीटर लंबा नया ट्रैक बनाया जाएगा। बूंदी स्टेशन पर इस लाइन को बूंदी-कोटा ट्रैक से जोड़ा जाएगा। अफसरों का मानना है कि मुख्यालय में समीक्षा के बाद सर्वे रिपोर्ट फरवरी में पेश होने वाले बजट में शामिल की जा सकती है।
खास बातें..
कितनी जमीन : ट्रैक के लिए 649. 13 हेक्टेयर जमीन अवाप्त की जाएगी। सर्वे के अनुसार 457. 63 हेक्टेयर भूमि निजी खातेदारी की है, 110. 74 हेक्टेयर वन और 80. 76 हेक्टेयर वेस्ट लैंड व सरकारी भूमि है।
बनास और खारी पर प्रमुख पुल : बनास नदी पर 30 मीटर लंबा और 12 पिलर का ब्रिज होगा। खारी नदी का ब्रिज 20 मीटर लंबा होगा। मार्ग में आने वाले गांवों में बने नालों पर 13 छोटे और सात स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे।
13 लेवल क्रॉसिंग गेट : 145 किलोमीटर के ट्रैक पर 13 लेवल क्रॉसिंग गेट बनाए जाएंगे। सभी गेटों पर नवीन तकनीक के गेट लगाए जाएंगे।
ये होंगे स्टेशन : नसीराबाद-बूंदी रेल खंड के लिए लोहरवाड़ा, जसवंतपुरा, सराना, गोयला, सरवाड़, सूरजपुरा, केकड़ी, कालेड़ा, बजरा, देवली, लोहरीकला, गोकुलपुरा, नरवां और मोतीपुरा नए स्टेशन बनाए जाएंगे।
32 रेलवे क्वार्टर : स्टेशन और लाइन स्टाफ के लिए रेल खंड के बीच टाइप वन के 10 तथा टाइप टू और थ्री के 11-11 रेलवे क्वार्टर बनाए जाएंगे।
44 मोड़ : ट्रैक पर कुल 44 घुमाव आएंगे। इनमें 30 एल शेप और 14 आर शेप के मोड़ हैं। सर्वे पूरा कर रिपोर्ट मुख्यालय प्रस्तुत कर दी है।
-वी. के. श्रीवास्तव, मुख्य इंजीनियर निर्माण