HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

आखिर व्यवस्था किसके लिए!

अजमेर. शिक्षकों के लिए यह आत्ममंथन का विषय है कि बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र थानों में रखने पड़ रहे हैं। परीक्षा के लिए पुलिस, आरएसी और अन्य एजेंसियों का सहारा लेना पड़ रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि हम विद्यार्थियों के लिए नहीं, बल्कि समाज कंटकों के लिए व्यवस्था कर रहे हैं।

यह बात संभागीय आयुक्त एवं राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष दीपक उप्रेती ने जवाहर स्कूल में सोमवार से शुरू हुई संदर्भ व्यक्तियों की दो दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन के अवसर पर कही।

उन्होंने कहा कि कहीं ना कहीं हमारी शिक्षण व्यवस्था में कमजोरी है या शिक्षकों द्वारा दिए जा रहे नैतिक मूल्यों और संस्कारों में कोई कमी है, जिसके कारण परीक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस का सहयोग जरूरी प्रतीत होने लगा है। समय आ गया है कि इन सब बातों पर शिक्षाविद गंभीरता से विचार करें।

साढ़े तेरह लाख से ज्यादा परीक्षार्थी

बोर्ड की वर्ष 2008 की परीक्षा में 13 लाख 56 हजार 967 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए हैं। इनके लिए 3 हजार 970 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें से 101 परीक्षा केन्द्र संवेदनशील और 47 केन्द्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। उच्चधिकार प्राप्त समिति ने इन केन्द्रों पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं। केन्द्रीय कंट्रोल रूम 3 मार्च से शुरू होगा।

व्यवहारिक होगी मूल्यांकन व्यवस्था

उप्रेती ने बताया कि परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था को व्यवहारिक बनाने के लिए जल्द ही एक दल गठित किया जाएगा, जो 15 दिन में बोर्ड को रिपोर्ट देगा। कार्यशाला के पहले दिन जयपुर, सीकर, अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर, टोंक, कोटा, बूंदी, झालावाड़, सवाई माधोपुर, बारां, करौली जिलों के संदर्भ व्यक्तियों ने भाग लिया।

प्रतिभागियों को पिछली परीक्षा की वीडियोग्राफी से तैयार की गई सीडी भी दी गई, जिसके आधार पर वे अपने-अपने जिलों में संदर्भ व्यक्तियों को प्रशिक्षण देंगे।

बारहवीं के रोल नंबर वेबसाइट पर उपलब्ध

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव लीलाधर यादव ने प्रतिभागियों से कहा कि चुनाव की भांति परीक्षा भी एक महायज्ञ है। इसकी सफलता के लिए शिक्षा विभाग, बोर्ड अधिकारियों एवं कर्मियों को कमर कसनी होगी। उन्होंने जानकारी दी कि उच्च माध्यमिक परीक्षा-2008 में शामिल होने वाले सभी नियमित एवं स्वयंपाठी विद्यार्थियों के रोल नंबर, विषय और परीक्षा संबंधी जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और 23 फरवरी को समाप्त होंगी। परीक्षाओं का आकस्मिक निरीक्षण भी किया जाएगा। बोर्ड की उच्च माध्यमिक परीक्षाएं 13 मार्च से और माध्यमिक परीक्षाएं 27 मार्च से शुरू होंगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: