News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
छत्तीसगढ़ पुलिस आने वाले कुछ दिनों में करीब 500 महिला सिपाहियों और सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती की तैयारी में है। सिपाही के लिए महिलाओं का न्यूनतम कद 158 सेमी निर्धारित है। अंदेशा है कि कद में छूट नहीं दी गई तो जितने पद चाहिए, शायद उतने आवेदन ही न मिलें। इसलिए कद घटाने की कवायद शुरू कर दी गई। छत्तीसगढ़ पुलिस में पुरुष सिपाहियों के लिए कद 168 सेमी निर्धारित है।
महिलाओं का कद इनसे 10 सेमी कम है। कद में छूट के लिए डीजीपी विश्व रंजन के पास कुछ अर्जियां पहुंची हैं। इसी वजह से नियम बदलने की बात सामने आई। डीजीपी श्री रंजन का कहना है कि जब यूपीएसपी में आईपीएस कैडर के लिए महिलाओं का कद 150 (कुछ जानकारों के मुताबिक 153) सेमी निर्धारित है, तो फिर सिपाही के लिए ऊंचाई में 5 से 8 सेमी का इजाफा किस आधार पर किया गया।
डीजीपी ने डीआईजी एडमिनिस्ट्रेशन पीएन तिवारी को निर्देश दिए हैं कि आईपीएस समेत फोर्स में महिलाओं के लिए निर्धारित ऊंचाई के आंकड़े इकट्ठा किए जाएं। पता लगाया जाए कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं का जितना कद निर्धारित है, फोर्स तथा इससे जुड़ी एजेंसियों में इतने कद की अनिवार्यता है भी या नहीं।
डीआईजी श्री तिवारी ने कहा कि इस सिलसिले में यूपीएससी समेत तमाम भर्ती एजेंसियों से मार्गदर्शन लिया जा रहा है। सूत्रों ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में एक-डेढ़ माह के भीतर निर्धारित कद में कमी का फैसला ले लिया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवतियों की भर्ती की जा सके।