HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

नजारे आम, काम जाम

अजमेर.garbage शहर में शुरू हुए विकास कामों की गति मुख्यमंत्री के लौटते ही ठप हो गई और समारोह खत्म होने के दो दिन बाद भी अधिकतर काम शुरू नहीं हो पाए। यूआइटी, पीडब्ल्यूडी तथा नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे अधूरे काम नागरिकों की परेशानी का सबब बने रहे वहीं लोकार्पित हुए विभिन्न भवनों पर ताले लगे रहे।

गौरव पथ पर गिट्टी के ढेर

पांच साल तक डामरीकरण से वंचित रहने के बाद यूआइटी प्रशासन ने सीएम के आने से ठीक दो दिन पहले गौरव पथ के एक भाग का डामरीकरण का काम शुरू किया। लेकिन समारोह होने के बाद से काम बंद हो गया। सड़क सुधार के लिए डाली गई गिट्टी अब वाहनों की आवाजाही में बाधा बनने लगी है।

मिट्टी और मलबा

परिषद द्वारा सुभाष उद्यान के बाहर प्राइवेट बस स्टैंड के पास से गुजरने वाले नाले की चौड़ाई कम कर पाटने का काम शुरू किया गया। नेताजी की प्रतिमा के लोकार्पण के मद्देनजर नाले का काम बीच में बंद कर टेंट से ढंक दिया गया था। अब टेंट तो हटा लिया गया लेकिन काम सोमवार को भी वापस शुरू नहीं हो सका है। नाला पाटने के लिए डाली गई मिट्टी व मलबे के ढेर अब लोगों की परेशानी का सबब बनने लगे है।

पेड़ मुरझाए

पटेल मैदान के बाहर डिवाइडर के बीच हरियाली के मद्देनजर लगाए कीमती पेड़ दो दिन में ही मुरझाने लगे हैं। कई पेड़ गिर चुके है और अधिकांश के पत्ते पीले पड़ चुके हैं। रख-रखाव की व्यवस्था नहीं होने से पेड़ों पर संकट के बादल छा गए है। पीडब्ल्यूडी का कहना है कि पेड़ यूआइटी द्वारा लगाए गए हैं।

नए भवनों पर ताले

सीएम के लोकार्पण के मद्देनजर आबाद हुआ लघु उद्योग केन्द्र तथा एससी-एसटी महिला छात्रावास के भवनों के मुख्य द्वार पर दो दिन बाद ही ताले लगे नजर आने लगे हैं। भवन अब केवल चौकीदारों के हवाले हो गए हैं। ऐसा ही हाल वैम्बे योजना के आवासों का है।

जिन्हे आवंटन के मद्देनजर आनन-फानन में तैयार किया गया लेकिन दो दिन बाद एकदम सूने हो गए हैं। सुभाष उद्यान में नेताजी की आदमकद प्रतिमा के अनावरण के फूलमालाओं की सजावट अब बेतरतीब हो गई है। प्रतिमा को ढंकने के लिए लगाए गए टेंट के सामान अभी तक खुल नहीं सके हैं।

एक काम चालू हुआ

यूआइटी द्वारा सर्किट हाउस से एनसीसी दफ्तर तक के मार्ग को चौड़ा करने का काम सोमवार को शुरू हो गया है। यूआइटी की जेसीबी मशीन द्वारा सर्किट हाउस के दड़े से मिट्टी व पत्थर हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सोमवार को सभी कामों का निरीक्षण किया है। ठेकेदारों के मजदूर थकान के कारण काम शुरू नहीं कर सके। यूआइटी ने सर्किट हाउस के नीचे सड़क को चौड़ा करने के लिए जेसीबी लगा दी है। एक-दो दिन में सभी काम शुरू हो जाएंगे। पेड़ों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए जाएंगे।
- धर्मेश जैन, सदर, यूआइटी

दो दिन में विभाग के प्रस्तावित माकड़वाली व नसीराबाद रोड सहित सभी काम शुरू करा दिए जाएंगे। डिवाइडर पर टाइल्स जल्दबाजी में लगाई गई हैं। उन्हें वापस उखाड़ कर ब्लॉक के बीच में लगाया जाएगा। डिवाइडर के बीच पेड़ यूआइटी ने लगाए हैं, सार-संभाल भी यूआइटी द्वारा ही की जाएगी।
- आर.पी. तिवाड़ी, एक्सइएन, पीडब्ल्यूडी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: