कोटा. खाली हाथ लौटना पड़ा, क्योंकि वहां जमीन के बजाए बने हुए मकान मिले। नगर विकास न्यास के रिकॉर्ड में गड़बड़ियों का यह नमूना नदीपार क्षेत्र की अंबेडकर नगर आवासीय कॉलोनी में देखने को मिला। अस्पष्ट स्थिति देखते हुए न्यास अधिकारियों ने गत बुधवार को भी रावतभाटा रोड पर हुई दो बड़े भूखंडों की नीलामी स्थगित की।
इससे पहले श्रीनाथपुरम, जवाहर नगर और बालाजीनगर के भूखंडों की नीलामी भी स्थगित करनी पड़ी थी। कई नीलामी निरस्त या स्थगित होने से न्यास की करोड़ों की आमदनी पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।
30 करोड़ का घाटा
रावतभाटा रोड पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बनाने के लिए न्यास को 5180 और 4771 वर्गमीटर के जिन दो भूखंडों की नीलामी करनी थी, उनकी आरक्षित दर से ही कीमत करीब 10 करोड़ रुपए है। बालाजी मार्केट योजना में हाईकोर्ट के स्टे की वजह से गत 19 दिसंबर को 9600 वर्गमीटर के भूखंड की नीलामी स्थगित की गई थी।
इसी तरह जवाहर नगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर में पेट्रोल पंप के लिए 1296 वर्गफुट के भूखंड की नीलामी स्थगित की गई। इससे भी न्यास को करीब 2 करोड़ रुपए मिलते। श्रीनाथपुरम में पांच व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी इसलिए स्थगित की गई कि इनमें से एक भूखंड पहले ही बिका हुआ था। आरक्षित दर के आधार पर ही इन भूखंडों की कीमत 84 लाख रुपए से अधिक है।
‘सकतपुरा अम्बेडकर नगर में नगर न्यास ने बरसों पूर्व हाउसिंग बोर्ड को भूखंड हस्तांरित किए थे। वहां जिन लोगों का रजिस्ट्रेशन था, उन्हें मकान बनाकर दे दिए गए। फिर भी कोई संदेह हो तो रिकॉर्ड देख लिया जाएगा।
—सलामत अली, अधिशासी अभियंता, हाउसिंग बोर्ड
क्यों लौटना पड़ा बैरंग
अंबेडकर नगर (सकतपुरा) में गत सोमवार को पांच भूखंडों की नीलामी के लिए जब न्यासकर्मियों की टोली पहुंची तो काफी मशक्कत के बाद भी उन्हें संबंधित नं. के भूखंड नहीं मिले। कॉलोनी के चक्कर लगाने के बाद पता चला कि जिन भूखंडों की नीलामी की जानी है, उन पर हाउसिंग बोर्ड के मकान बने हुए हैं। न्यास ने ही ढाई दशक पूर्व ये भूखंड हाउसिंग बोर्ड को दिए थे। बोर्ड ने इन पर मकान बनाकर लोगों को आबंटित भी कर दिए। नतीजतन, न्यास को नीलामी निरस्त करनी पड़ी।
अंबेडकर नगर में नीलाम किए जाने वाले भूखंडों पर बने मकानों की जांच करा रहे हैं। न्यास के रिकॉर्ड में खामियों से यह स्थिति पैदा हुई है। रावतभाटा रोड स्थित एक भूखंड पर किसी ने स्टे ले रखा है, इसलिए वहां की नीलामी स्थगित करनी पड़ी।
—सोहनलाल शर्मा, सचिव, नगर विकास न्यास
न्यास प्रशासन ने अंबेडकर नगर में भूखंड नीलामी का प्रयास किया। इस बारे में आवासन मंडल को जानकारी नहीं दी। भूखंडों को लेकर कोई अनियमितता हुई है तो जांच करवाई जाएगी।
—सीताराम बारी, उपआयुक्त, आवासन मंडल, कोटा