कोटा. आईआईटी-संयुक्त प्रवेश परीक्षा-0८ की तैयारी कर रहे देश के 3 लाख छात्र-छात्राएं मुख्य परीक्षा से पहले ही पता लगा सकेंगे कि वे इस बार टॉपर बनने जा रहे हैं या नहीं। यह संभव हो सकेगा ‘आईआईटी विनर’ ऑनलाइन टेस्ट से। इस टेस्ट के जरिए प्रतिभागियों को मालूम चल जाएगा कि वे किस रैंक पर खड़े हैं।
इस प्रोग्राम की शुरुआत १0 फरवरी को दिल्ली से की जाएगी। इसका स्डटी मैटिरियल नेट पर व सीडी दोनों में उपलब्ध कराया जाएगा। टेस्ट के लिए मंगलवार से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आरंभ होगा। इस प्रोग्राम में आईआईटी-जेईई के पैटर्न पर १४ अलग-अलग टेस्ट लिए जाएंगे। इनमें छात्रों को बहुवैकल्पिक प्रश्न हल करने होंगे। ये सभी टेस्ट आईआईटी-जेईई, 0८ की मई में होने वाली मुख्य परीक्षा से पहले होंगे।
मालूम हो कि इस वेबसाइट को बनाने वाले देवाशीष चक्रवर्ती और विनीता सिंह आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए करके बहुराष्ट्रीय कंपनी से मिले 1 करोड़ रुपए के सैलेरी पैकेज ठुकराकर चर्चा में रहे हैं।
इधर टेस्ट, उधर रैंक
प्रोग्राम डायरेक्टर विनीता सिंह और भूषण दबीर ने बताया कि छात्रों को इंटरनेट के जरिए कंप्यूटर पर टेस्ट देते ही अपनी स्थिति के बारे में पता चल जाएगा। इतना ही नहीं, वे सांख्यिकीय तरीके से तैयार की गई संभावित अखिल भारतीय मेरिट सूची में भी अपनी स्थिति देख सकेंगे।
फीस कितनी
14 टेस्ट के लिए छात्रों को 2500 रुपए बतौर फीस के देने होंगे। इसके लिए वे वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।