bhaskar Web English
HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

नहीं मिल रही जवाहर नवोदय स्कूल के लिए जमीन

कुराली.मोहाली जिले में जवाहर नवोदय स्कूल खोलने के लिए मिनिस्ट्री ऑफ ह्यूमन र्सिोसेज की ओर से 26 एकड़ जमीन जिला प्रशासन से मांगी गई है। इस स्कूल के लिए जिला प्रशासन से करीब 6 महीने पूर्व जमीन मांगी गई थी, लेकिन इसके लिए किसी भी गांव में जमीन न मिलना स्कूल के निर्माण कार्य में देरी का कारण बना हुआ है।

अकाली विधायक जत्थेदार उजागर सिंह बडाली इस कार्य को पूरा करने के लिए जमीन तलाशने में लगे हैं। सभी जिलों में जवाहर नवोदय स्कूल चल रहे हैं। मोहाली में यह स्कूल खोले जाना है।

कई गांवों की जमीन देखी

जवाहर नवोदय स्कूल मोहाली में खोलने के लिए नगलियां, पलहेड़ी, झिगड़ा कलां, झिगड़ा खुर्द और रडियाला गांवों की पंचायती जमीन का निरीक्षण किया गया है। इसके लिए गांव नगलियां की 26 एकड़ जमीन सिलेक्ट भी कर ली गई थी, लेकिन विगत माह के अंतिम दिनों में इस जमीन पर स्कूल बनाने का निर्णय बदल दिया गया था।

बेनामी रजिस्ट्रियों से खरीद, मामले दर्ज

नगलियां की जिस पंचायती जमीन का चयन किया गया था, उस जमीन से चौटाला परिवार के रिश्तेदारों का नाम जुड़ा है। इस गांव में करीब 90 फीसदी जगह हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के जानकारों द्वारा बेनामी रजिस्ट्रियों के जरिए खरीदी हुई है। इसको लेकर पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा रोपड़ जिले के डीसी की रिपोर्ट के आधार पर करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया था।

नवोदय स्कूल में सब कुछ मुफ्त

तीन साल में जिन स्टूडेंट्स ने ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल से शिक्षा प्राप्त की हो वे जवाहर नवोदय स्कूल में दाखिला लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उसके बाद आवेदक करने वाले बच्चों का टेस्ट लिया जाता है। टेस्ट के बाद मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाता है। यह टेस्ट और आवेदन पांचवी कक्षा पास छात्र ही दे सकते हैं।

इसमें गरीब परिवारों के बच्चों को तरजीह दी जाती है। यहां दाखिला पाने वाले स्टूडेंट्स को छठी से लेकर 12वीं तक की शिक्षा मुफ्त दी जाती है। यहां पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को मुफ्त शिक्षा के साथ खान-पीन, होस्टल, कपड़े, जूतों से लेकर अन्य रोजमर्रा का सामान और किताबें भी बिना पैसे के दी जाती हैं। यहां दाखिल होने वाला बच्च स्कूल में ही रहता है।

जवाहर नवोदय स्कूल आगामी सेशन से शुरू करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए कई गांवों में जमीन देखी गई है। स्कूल के लिए जल्द जमीन सिलेक्ट कर ली जाएगी।

-जत्थेदार उजागर सिंह बडाली, विधायक मोरिंडा





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: