गुड़गांव. किडनी की खरीद-फरोख्त के मामले के खुलासे के बाद मंगलवार को इस रैकेट के सरगना डॉ. अमित के दफ्तर-ठिकाने पर छापामार कार्रवाई की गई और डॉक्टर के भाई व पत्नी समेत सास-ससुर को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के कारण भारत से कनाडा फरार हो चुके अमित को पकड़ने के लिए पुलिस ने इंटरपोल की मदद लेने की भी बात कही है। अमित के खिलाफ इंटरपोल की मदद से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
आज गुड़गांव के सेक्टर 23 में इनकम टैक्स और स्वास्थ्य विभाग ने अमित के मकान पर छापे मारे। अमित की संपत्ति का खुलासा हुआ है और उसकी ऑस्ट्रेलिया में भी संपत्ति होने के सबूत पाए गए हैं। बैंक खाते सील किए जाने की कवायद की जा रही है।
गुड़गांव पुलिस के संयुक्त कमिश्नर ने बताया कि इस रैकेट से जुड़े दो डॉक्टरों अमित और जीवन की डिग्री भी फर्जी है। इस मामले में आरोपी एक अन्य डॉ. जीवन की तिजोरी से विदेशी मुद्रा मिली है। डॉ उपेंद्र और जगदीश के ब्रैन मैपिंग और लाई डिटेक्टर के साथ ही नार्को टेस्ट भी किए जाएंगे। उपेंद्र ने बताया है कि अमित कनाडा भाग गया है।
संबंधित खबरें
* किडनी कांड की सीबीआई जांच: रामदॉस
* लंबा-चौड़ा रैकेट था डॉक्टर का
* किडनी रैकेट: विदेश भागा सरगना ?