नई दिल्ली. जनवरी खत्म होने को है लेकिन सर्दी शबाब पर है। राष्ट्रीय राजधानी में पारा गिर रहा है और 1 फरवरी तक पारा 0 डिग्री तक पहुंचने की भविष्यवाणी की गई है। वहीं, जम्मू व कश्मीर में मंगलवार को भारी बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया है।
कश्मीर की जवाहर टनल में भारी बर्फबारी के कारण हाईवे बंद कर दिया गया है और इस कारण कई स्थानों से संपर्क कट गया है। वहीं, सर्दी की मार राष्ट्रीय राजधानी पर भी पड़ रही है।
दिल्ली में सर्दी के मिजाज को देखते हुए प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी को देखते हुए शनिवार तक छुट्टी घोषित की गई है, अब स्कूल सोमवार को ही खुलेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शीतलहर के कारण चार बच्चों के बेहोश हो जाने की खबर है। अधिकारियों ने मौसम को देखते हुए जिले के स्कूलों में दो दिन की छुट्टी का आदेश दे दिया है।
दूसरी तरफ, राजस्थान में आज मौसम से ठंडक कुछ कम हुई है। बताया गया है कि राज्य के विभिन्न इलाकों में तापमान में एक से चार डिग्री तक बढ़ गया है।
चीन में तबाही :
पिछले 50 सालों में चीन में इस साल सर्दी का प्रकोप सबसे ज्यादा है। ताजा खबर के मुताबिक सर्दी के कारण होने वाले हादसों में 25 लोग मारे गए हैं और इन मौतों के बाद सर्दी के कारण होने वाली मौतों का आंकड़ा 50 तक पहुंच गया है। सर्दी के कारण लाखों लोग प्रभावित हैं और विभिन्न इलाकों में सर्दी का खौफ बना हुआ है। वहीं, सड़क, रेल और वायु यातायात भी प्रभावित है।