नई दिल्ली. रॉ का सनसनीखेज खुलासा : विपक्ष के नेता और एनडी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी हैं दाऊद के निशाने पर।
एक टीवी समाचार चैनल ने इस आशय की खबर में कहा है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा कुख्यात अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम को आडवाणी और मोदी की हत्या की सुपारी दी गई है।
रॉ के हवाले से रिलीज की गई इस खबर में कहा गया है कि इस सुपारी के साथ ही दाऊद को पूरे भारत में आतंक फैलाने का जिम्मा भी आईएसआई ने सौंप दिया है। चैनल ने गोपनीय दस्तावेज हासिल करने का दावा करते हुए बताया है कि यह सुपारी और साजिश कराची में रची गई है। गौरतलब है कि 1993 के मुंबई बम धमाकों का मुख्य आरोपी दाऊद ही है।
रॉ की इस तरह की रिपोर्ट के तुरंत बाद गृह मंत्रालय ने आडवाणी की सुरक्षा बढ़ाए जाने के निर्देश दे दिए हैं और उन्हें सलाह दी है कि वे सुरक्षा घेरे में ही रहें। उधर, केंद्र ने गुजरात सरकार को भी मोदी की सुरक्षा के लिए सतर्क कर दिया है।
आडवाणी से पुरानी रंजिश :
दाऊद की आडवाणी से पुरानी रंजिश है। आडवाणी के ही हिंदुत्व अभियान के बाद बाबरी मस्जिद ढही थी जिसके जवाब में दाऊद ने मुंबई बमकांड को अंजाम दिया था। इसके बाद मुशर्रफ के भारत आगमन के दौरान 2001 में आडवाणी ने पाक से कहा था कि वह दाऊद को भारत के हवाले करे।
इसके बाद एनडीए सरकार के कार्यकाल में भारत ने जिन 40 आतंकियों की सूची अमेरिका को सौंपी थी उनमें दाऊद का नाम भी शामिल था और भारत के प्रयासों के तहत ही अमेरिका ने दाऊद को मोस्ट वॉंटेड आतंकवादी घोषित कर दिया था।