इंदौर. नगर निगम द्वारा बुधवार सुबह से किला मैदान रोड तक बनने वाली फीडर रोड के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस सड़क पर पड़ने वाली कमला नेहरू कॉलोनी, मेहता कॉलोनी और खासगी का बगीचा क्षेत्र के मकान और दुकानें हटाए गए।
तीन बार नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीँ हटाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि बुधवार को कार्रवाई के दौरान निगम और रहवासियों का रुख सहयोगात्मक था। कार्रवाई के दौरान कुल 20 हजार वर्गफीट जमीन से अतिक्रमण हटाया गया।
रिमूवल अधिकारी अजीत श्रीवास्तव और फीडर रोड प्रभारी अशोक राठौर के नेतृत्व में सुबह नौ बजे 50 कर्मचारियों का दस्ता क्षेत्र में पहुंचा। निर्माण हटाने से पहले सड़क पर दोनों ओर का यातायात रोक दिया गया। श्री श्रीवास्तव ने बताया यह सड़क 80 फीट चौड़ी बनाई जाना है।
हमने सेंटर लाइन से दोनों ओर 12-12 मीटर तक के हिस्से को सड़क के दायरे में लिया था। इस हिस्से में लोगों ने दोनों ओर तीन मीटर तक का अवैध निर्माण कर लिया है। महेश गार्ड लाइन तिराहे से उज्जैन रोड तक दोनों ओर करीब 260 बड़े निर्माण चिह्न्ति किए गए हैं।
बुधवार को इनमें से 25 निर्माण हटाए गए। रिमूवल अधिकारी ने बताया अब उज्जैन रोड तक लगातार निर्माण हटाए जाएंगे। साइट क्लीयर होते ही कंपनी को सौंप दी जाएगी। दो भवनों को पूरी तरह हटाया गया जबकि सात का आंशिक हिस्सा हटाया गया। शेष निर्माण भवन मालिक खुद हटा रहे हैं। क्षेत्र की जैसवाल साहू समाज धर्मशाला और गरिमा विद्या विहार स्कूल के संचालकों को गुरुवार तक निर्माण हटाने को कहा गया है। निगम के दस्ते में दो जेसीबी मशीनें और डंपर शामिल थे।
अब लगातार चलेगी मुहिम
निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं इस रोड का काम सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना है। रिमूवल अधिकारी ने बताया अब उज्जैन रोड तक लगातार निर्माण हटाए जाएंगे। साइट क्लीयर होते ही कंपनी को सौंप दी जाएगी।