इंदौर. देश के उत्तरी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर बुधवार को इंदौर में देखा गया। दिन का तामपान तीन डिग्री नीचे गिर गया और दिनभर सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। आज ठंड का मिजाज कुछ अलग ही था। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 23.8 डिग्री सेल्सियस था जो मंगलवार की तुलना में तीन डिग्री कम था।
हालांकि 31 किमी प्रतिघंटा रफ्तार से चलने वाली हवा और बादल के कारण ठंड ज्यादा महसूस हो रही थी। लोग घरों में ही दुबके रहे। हालांकि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात के तापमान में मामूली उछाल आया और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
हवाओं ने फिर बदला रुख
इस बार अस्वाभाविक ठंड की वजह हवाओं की बार-बार बदलती दिशा को माना जा रहा है। अभी तक हवा उत्तर-पूर्व से आ रही थी। इसका असर सुबह से दिखने लगा था। दोपहर बाद हवाओं ने फिर रुख बदला और उत्तर-पश्चिम से बहने लगीं जिसके कारण अगले दो-तीन दिनों में पारा चढ़ने की उम्मीद है।