इंदौर.
जब देशभर में गैस की सिलेंडर की कहीं कोई किल्लत नहीं है, तब शहरभर में गैस की टंकियां ‘ब्लैक’ हो रही है। गैस मिलने की अधिकृत एंजेसियों को छोड़कर सड़क, किराना दुकान, गोदाम, चलती टैक्सियां हर कहीं हर कंपनी के गैस सिलेंडर उपलब्ध है। कई जगह तो गैस की (अवैध) मंडी बन गई है।
यही नहीं एक बार संपर्क होने के बाद मोबाइल पर घर पहुंच सेवा भी जारी है..बस आपको एक-एक टंकी पर तय कीमत से 125 से 175 रु. ज्यादा देना पड़ेगा। वरना, इतंजार कीजिए एक से डेढ़ महीने तक। ‘भास्कर’ आपको लिए चलता है उन इलाकों में, जहां यह कारोबार खुलेआम चल रहा है। बावजूद इसके खाद्य नियंत्रक एच.एस. परमार का कहना है कालाबाजारी नहीं हो रही है बल्कि आपूर्ति में गड़बड़ी है।
सड़क पर ही गैस की मंडी
उद्योग नगर की मुख्य सड़क पर हम्माल संघ के कार्यालय के पास ही ब्लैक में गैस खरीदने-बेचने की अघोषित मंडी चलती है। यहां हमें शंकर नामक एक व्यक्ति मिला, जिसने आधे घंटे के भीतर ही 450 रु. में भारत पेट्रोलियम का सिलेंडर दिलवा दिया। यहां ऑटोचालकों की भीड़ से साफ है कि यह गैस ‘मंडी’ है। पश्चिमी क्षेत्र में महू नाके से लेकर सुदामानगर तक के ऑटो चालक भी 450 रु. में घंटेभर में टंकी दिला देते हैं।
हर कंपनी पर है काका का कब्जा
विजयनगर क्षेत्र में गैस एजेंसियों पर मौजूद कर्मचारियों ने ‘काका’ का पता बता दिया। रसोमा चौराहे से कारोबार चलाने वाले इस काका के पास हर कंपनी का सिलेंडर है। उसने कहा- किसी भी कंपनी की गैस 500 रुपए में मिल जाएगा। दो एचपी, दो इंडेन और एक भारत पेट्रोलियम की टंकी का सौदा तय हुआ। उसने अपना मोबाइल नंबर (98260-87974 दिया। पंचम की फेल पर कन्हैयालाल ने मोबाइल नंबर 9301961885 पर खाली टंकी लाकर अपनी संख्या अनुसार सिलेंडर लेने का सौदा हुआ।
किराने की दुकान पर गैस
पालदा चौराहे पर ऑटो चालकों ने कुछ किराने की दुकानों का पता बताया। संवाददाता ने ईश्वरी किराना स्टोर, पाटीदार किराना स्टोर चितावद रोड, सिंधी किराने की दुकान व बाबू टी स्टॉल पर गैस का सौदा किया गया। यहां हर कंपनी की गैस 500 से 550 रुपए में मौजूद थी।
एक सिलेंडर ब्लैक में 510 रु. का
मंगलवार को भास्कर संवाददाता उद्योग नगर रोड (नेमावर रोड) स्थित एक एजेंसी के गोदाम पहुंचे। ब्लैक में एक सिलेंडर मांगा। यहां मौजूद कर्मचारी का कहना था कि अखबारों में कुछ दिनों से कालाबाजारी की खबर छप रही है इसलिए यहां से नहीं देंगे..उस दुकान (उषा किराने की दुकान की तरफ इशारा कर) से ले लो। जहां से संवाददाता ने 510 रुपए रुपए में इंडेन का एक सिलेंडर खरीदा। (जबकि इसकी मूल कीमत 327 रुपए है।)