News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. अगले माह 15 तारीख के बाद शहर में सिटी बस सेवा प्रारंभ हो जाएगी। ट्रायल के तौर पर पहले एक रूट दीनदयाल नगर से बाड़ा तक बस चलेगी। इसके बाद हर माह चार-चार बसों की संख्या बढ़ती जाएगी। यह निर्णय सिटी सेंटर स्थित स्वास्थ्य संस्थान में आयोजित ग्वालियर सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में लिया गया।
उल्लेखनीय है कि तीन रूटों पर बस चलाने के मुद्दे पर बोर्ड की एक बैठक इस माह के दूसरे सप्ताह में आयोजित थी पर किसी कारण से तब बैठक स्थगित कर दी गई थी। बैठक में कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव, जीडीए के अध्यक्ष जगदीश शर्मा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कंपनी के सीईओ व एडीएम वेदप्रकाश ने सदस्यों को जानकारी दी कि आपरेटर ने दो बसें तैयार करवा ली हैं। सबसे पहले इन बसों को शहर के एक रूट पर चलाया जा सकता है। सीईओ के इस सुझाव पर सभी सदस्यों ने सहमति दी। एडीएम के अनुसार अगले माह 15 से 20 फरवरी के बीच दो सिटी बसें दीनदयाल नगर से बाड़ा के बीच चलेंगी।
उन्होंने बताया कि सदस्यों ने सिटी बसों को मालनपुर व बानमोर तक चलाने का भी सुझाव दिया जिस पर सभी ने सहमति व्यक्त की। एडीएम के अनुसार किराए का निर्धारण राज्य शासन द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले तीन किलोमीटर तक तीन रुपए तथा अधिकतम 26 किलोमीटर तक के लिए 17 रुपए किराया प्रस्तावित है।
इस मामले में बोर्ड के चेयरमैन व महापौर विवेक शेजवलकर ने बताया कि शुरुआत में सिटी बस दीनदयाल नगर, गोला का मंदिर, 7 नंबर चौराहा, बारादरी चौराहा, यूनिवर्सिटी तिराहा, आकाशवाणी तिराहा, रेलवे स्टेशन, पड़ाव, फूलबाग चौराहा, नदीगेट, छप्परवाला पुल, हुजरात पुल, रॉक्सी पुल और महाराज बाड़ा तक चलेगी और इसी मार्ग से वापस जाएगी। उन्होंने कहा कि बस सेवा अगले माह तक शुरू करने पर सहमति बनी है।