News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. साइंस कालेज एवं आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास के छात्रों के बीच बुधवार की दोपहर कालेज परिसर में जमकर संघर्ष हो गया। इसमें आधा दर्जन छात्र मामूली रूप से घायल हो गए। एक प्राध्यापक का वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। संघर्ष में गोली चलने की भी खबर है। पुलिस ने क्रास मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
झांसी रोड थाना पुलिस के अनुसार, तीन दिन पहले छात्रावास निवासी विजय सिंह खराड़ी नामक छात्र का साइंस कालेज के छात्रों से मुंहवाद हो गया था। उस समय बात आई-गई हो गई थी। बुधवार को दोपहर में विजय सिंह, साइंस कालेज परिसर से गुजर रहा था तभी कालेज के कुछ छात्रों ने उसकी पिटाई कर दी।
विजय सिंह छात्रावास पहुंचा और साथियों को आपबीती सुनाई। इस पर उसके साथी आक्रोशित हो गए और लाठी, सरिया लेकर आधा सैकड़ा की संख्या में कालेज जा पहुंचे। कालेज पहुंचते ही इन छात्रों ने हंगामा बरपा दिया। प्रशासनिक भवन के दरवाजों, खिड़कियों के कांच चकनाचूर कर दिए। जो छात्र सामने आए उनकी पिटाई कर दी। कालेज के छात्र भी आक्रोशित हो गए और दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ।
प्राध्यापक विश्वनाथ तेलंग का वाहन भी इस झगड़े में क्षतिग्रस्त हो गया। आधा दर्जन छात्र मामूली रूप से घायल हो गए। कालेज में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। कालेज प्रशासन ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
संघर्ष की खबर मिलते ही झांसी रोड व कम्पू थाना प्रभारी दलबल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही छात्र भाग खड़े हुए। इस मामले में कालेज प्रशासन एवं छात्रावास अधीक्षक ने एक-दूसरे पर तोड़फोड़ व मारपीट आरोप लगाए हैं। पुलिस ने छात्र विजय सिंह की शिकायत पर साइंस कालेज के अज्ञात छात्रों तथा प्राध्यापक डॉ. तेलंग की शिकायत पर छात्रावास के अज्ञात छात्रों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी रवि चौहान का कहना है कि गोली चलने की जानकारी मिली थी लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।