News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. नाप-तौल विभाग द्वारा चेम्बर भवन में आयोजित शिविर में विभाग के अधिकारियों और प्राइवेट ठेकेदारों द्वारा व्यापारियों से अवैध वसूली की बात जैसे ही चेम्बर पदाधिकारियों को पता चली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अवैध वसूली का विरोध कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
चेम्बर के मानसेवी सचिव विजय गोयल ने बताया कि मप्र चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के काफी प्रयासों के बाद कार्यालय निरीक्षक नाप-तौल विभाग द्वारा बुधवार को एक दिवसीय पुन: सत्यापन मुद्रांकन शिविर का आयोजन चेम्बर भवन में किया गया। शिविर में प्राइवेट ठेकेदारों द्वारा व्यापारियों से इलेक्ट्रानिक तौल यंत्रों में सील लगाने के नाम पर तीन सौ रुपए वसूले जा रहे थे।
कुछ व्यापारियों ने जब उनसे इस संबंध में पूछा तो शिविर में उपस्थित नाप तौल विभाग के अधिकारी ने बताया कि उनके पास इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट का आदेश है। व्यापारियों ने इस बात की सूचना चेम्बर अध्यक्ष जीडी लड्ढा, उपाध्यक्ष राधा किशन खेतान, मानसेवी सचिव विजय गोयल व संयुक्त मानसेवी सचिव भूपेन्द्र जैन को दी। सभी पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और व्यापारियों की समस्या से रूबरू हुए। इसके बाद पदाधिकारियों ने नाप-तौल विभाग के उपनियंत्रक विजय ध्रुवे को शिविर में बुलाकर सारे मामले से अवगत कराया।
श्री ध्रुवे ने संबंधित अधिकारियों को आदेशित कर तत्काल राशि कम करने तथा भविष्य में इस प्रकार की गलती न दोहराए जाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर दाल बाजार संघ के अध्यक्ष महेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में चेम्बर सदस्य उपस्थित थे।