News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. सत्यम चौक के पास बुधवार की रात एक युकां नेता की कार बाइक से टकरा गई। तैश में आकर नेता ने उतरकर बाइक में सवार दो युवकों को तीन-चार तमाचे रसीद कर दिए। नेता के रुतबे से अनजान युवकों ने भी जवाब में उन्हें एक-दो तमाचे जड़ दिए। इतने में वहां नेता के ‘पंडे’ पहुंच गए और युवकों की जमकर धुनाई कर दी। केवल मार खाकर ही युवकों को छुटकारा नहीं मिला, इसके बाद पुलिस ने मार खाने वालों को ही हवालात में डाल दिया। रातभर उन्हें लाकअप में बंद रखा गया।
पुलिसिया कार्यप्रणाली बुधवार को एक बार फिर उजागर हो गई। एक रसूखदार युवक कांग्रेस नेता बुधवार की रात लगभग 10 बजे सत्यम चौक स्थित चंद्रिका होटल से अपनी कार पर निकला। उसी समय अंबिकापुर से आए दो युवक मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहे थे। पार्किग से तेज गति से निकली कार बाहर युवकों की बाइक से टकरा गई। इससे नाराज युकां नेता कार से बाहर निकला और बाइक सवार दोनों युवकों को तमाचे मारने लगा। बाहर से आए युवकों ने भी गुस्से में उसे तमाचा जड़ दिया।
इसके बाद दोनों पक्ष आपस में उलझ गए और झूमाझटकी होने लगी। फिर क्या था, होटल के कर्मचारी, आसपास खड़े युवक और भी काफी लोग वहां पर पहुंच गए और सबने मिलकर दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। काफी देर धुनाई के बाद जब युवक खड़े होने की स्थिति में नहीं थे, तो उन्हें सिविल लाइन थाने ले जाया गया।
यहां पर पुलिस ने मार खाने वाले दोनों युवकों को ही लाकअप में डाल दिया और युकां नेता को घायल की तरह मुलाहिजा करवाने के लिए सिम्स रवाना कर दिया। देर रात तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई से ही आगे की कहानी स्पष्ट हो जाती है।