News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. केंद्र ने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उड़ीसा, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और यूपी में जेल ब्रेक का अंदेशा व्यक्त किया है। गृह मंत्रालय ने इन राज्यों को पत्र भेजकर सुरक्षा इंतजाम कड़े करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के गृह विभाग के अफसरों ने इसकी पुष्टि की है।
गृह मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत निदेशक नक्सल प्रबंधन असगर शार्मन ने यह पत्र भेजा है। उन्होंने संबंधित राज्यों के गृह सचिवों, डीजीपी और जेल महानिदेशकों को जेलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में शहरों में नक्सली नेटवर्क पर कड़ी निगाह रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। राजधानी रायपुर में नक्सली नेटवर्क फूटने के बाद पत्र का महत्व और बढ़ गया है।
पत्र में कहा गया है कि दंतेवाड़ा में जेल ब्रेक की तरह फरवरी में भी नक्सली किसी बड़ी घटना की पुनरावृत्ति कर सकते हैं। इसकी वजह यह कि जेलों में उनके कई हार्डकोर नक्सली साथी बंद हैं। प्रदेश की जेलों में नारायण सान्याल और गोपन्ना जैसे हार्डकोर नक्सली बंद हैं।
राजधानी, रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, राजनांदगांव और अंबिकापुर की सेंट्रल जेलों में बड़ी संख्या में नक्सली बंद हैं। पत्र के अनुसार उन्हें छुड़ाने के लिए नक्सलियों ने अलग से दस्तों का गठन किया है। पत्र में बिहार के दरभंगा बेगूसराय और भागलपुर जेल में हुई घटनाओं का भी जिक्र किया गया है। बताया गया है कि बिहार की 18 जेलों में 557 नक्सली कैद हैं। पत्र में छग, उड़ीसा और झारखंड की जेलों को संवेदनशील बताया गया है।