News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. बंगाल में बर्ड फ्लू की वजह से वहां से पक्षियों के आयात पर छत्तीसगढ़ शासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। वैसे पशु चिकित्सा विभाग का दावा है कि छग बर्ड फ्लू से सुरक्षित है। विभाग के संचालक बीपीएस नेताम के अनुसार पं. बंगाल के मुर्शिदाबाद, लाड़िया और वर्धमान जिले में बर्ड फ्लू से मुर्गियां मर रही हैं।
छत्तीसगढ़ में दूसरे राज्यों के साथ वहां से भी मुर्गियां और अंडे आते हैं। इसी वजह से आयात पर फिलहाल प्रतिबंध लगाया गया है। अन्य राज्यों से आयात जारी रहेगा। बंगाल में बर्ड फ्लू के संक्रमण के बाद यहां से मुर्गियां के स्वाब और सीरम के 2000 से ज्यादा सैंपल एनीमल डिजीज लैब भोपाल भेजे गए थे। वहां से रिपोर्ट आ चुकी है। छत्तीसगढ़ पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इसी सिलसिले में बुधवार को पोल्ट्री कारोबारियों की विभाग ने बैठक ली। बैठक में बर्ड फ्लू के कारणों, बचाव और इतिहास की जानकारी दी गई। उन्हें प्रतिबंध से भी अवगत कराया गया। उल्लेखनीय है कि केंद्र ने इस संबंध में मुख्य सचिव को पत्र लिखा था।
केंद्रीय निर्देशों के तहत मुर्गियों के स्वाब के हर जिले से 75-75 सैंपल भोपाल लैब और सीरम डब्लूआरडीडीएल लैब पुणो भेजे गए थे। इसमें बर्ड फ्लू के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। इसके बावजूद पशु चिकित्सा विभाग सतर्क है और रैंडम सैंपलिंग कर रहा है। संचालनालय में 24 घंटे खुला रहने वाला कंट्रोलरूम स्थापित किया गया।
वहां फोन नंबर 2331391 और 2331392 पर संपर्क कर कोई भी मुर्गियों में असामान्य हरकत महसूस होने पर जानकारी दे सकता है। अफसरों के अनुसार विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने और फार्मो की जांच कर रोजाना रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सतर्कता समिति में शामिल पशु चिकित्सा, वन, राजस्व, पर्यावरण, स्वास्थ्य आदि विभागों के अफसरों को भी एलर्ट रहने को कहा गया है।