भोपाल. राजधानी में ठंड ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को दिन के तापमान में कमी आने और आसमान पर बादल छाए रहने से लोगों को ठंडक का अहसास होता रहा। हालांकि अभी रात केतापमान में गिरावट नहीं आई है।
शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज हुआ। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रिकार्ड किया गया था।
बुधवार को सुबह के वक्त शहर में कोहरा छाया रहा। हवा की दिशा में भी पर्वितन हो गया है और अब उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश के उत्तरी हिस्से में ऊपरी हवा में बना चक्रवात समाप्त हो गया है। इसलिए अरब सागर से नमी आनी कम हो गई है, अब रात के तापमान में कमी आएगी।
गुरुवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि धीरे-धीरे अधिकतम तापमान बढ़ेगा। प्रदेश में सबसे कम तापमान पांच डिग्री नौगांव में रहा। गुरुवार को भोपाल, सागर, जबलपुर, उज्जैन संभागों में बूंदाबांदी हो सकती है। शेष संभागों में मौसम शुष्क रहेगा।