भोपाल. देवास और बैतूल जिले में एक सप्ताह के दौरान चार दर्जन से ज्यादा मुर्गियां मरी हैं। हालांकि पशु चिकित्सा विभाग मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू से होने से इनकार कर रहा है। विभाग का कहना है कि मुर्गियों की मौत का कारण तापमान का ज्यादा गिरने हुई है।
देवास जिले के जमासिंध गांव में पिछले एक सप्ताह के दौरान करीब 40 मुर्गियां मरी हैं। इनमें बच्चों की संख्या अधिक है। वहीं बैतूल जिले में भी लगभग दर्जन भर मुर्गियों की मौत हुई है। पशु चिकित्सकों की टीम ने डेरा डाला: देवास के उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डा. एवी चक्रधर ने बताया कि उन्होंने मुर्गियों की मौत की सूचना पर डाक्टरों की टीम को वहां भेजा है।
तीन-चार दिन से ये टीम जमासिंध व आसपास के गांव का दौरा कर रही है। जमासिंध में मरी मुर्गियों के विसरा परीक्षण के लिए नमूने अभी उज्जैन भेजे गए थे, लेकिन गुरुवार को राज्य पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।