गुड़गांव. किडनी तस्करों के पास विदेशों से पहुंचने वाला काला धन वाया मुम्बई होकर आता था। अधिकांश धन मुम्बई के पास स्थित जिला रायगढ़ के नहावा सेवा सी पोर्ट स्थित एसबीआई की शाखा में जमा होता था। इसके बाद पैसे को विभिन्न बैंकों में ट्रांसफर किया जाता था।
क्राईम ब्रांच के अधिकारियों ने इन खातों को सील करवा दिया है। उधर, डॉ. जीवन की पत्नी पूजा व अमित के ड्राइवर उमेश को पुलिस ने जिला कोर्ट में पेश कर पुलिस ने आठ दिन का रिमांड लिया है। कोर्ट में पेशी के लिए पहुंची पूजा मीडिया के सामने फफक-फफक कर रो उठी। उसने कहा कि पुलिस उसे इस मामले में जबरदस्ती फंसा रही है।
अंगदान पर फ्री रेलवे पास देने पर विचार
नई दिल्ली : अंग प्रत्यारोपण के लिए अंग दान करने वाले व्यक्ति के परिजनों को सरकार दूसरे दर्जे का मुफ्त रेलवे पास और स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने जैसे विकल्पों पर विचार कर रही है। यह बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदास ने बुधवार को कही। उन्होंने कहा कि अंग दान को बढ़ावा देने से ही किडनी कांड जैसी घटनाओं पर काबू पाया जा सकता है।
इंटरपोल ने जांच शुरू की
इंटरपोल ने अमित के कैनेडा कनैक्शन की जांच शुरू कर दी है। ऐसी संभावना है कि मामले के उजागर होने के बाद पकड़े जाने के डर से अमित कैनेडा भाग गया है। रायल कैनेडा माउंटेड पुलिस के प्रवक्ता सिल्वी ट्रेम्बले ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में इंटरपोल का संपर्क नई दिल्ली से लगातार बना हुआ है।