पीसांगन/अजमेर. पीसांगन पंचायत समिति की प्रधान ने डाबला की ढाणी गांव में आंगनबाड़ी केंद्र पर बुधवार सुबह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को तिरंगे से टेबल साफ करते पकड़ा। सहायक कलेक्टर ने उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रधान उर्मिला कुमावत ग्राम पंचायत की स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने गई थीं। इसी दौरान डाबला की ढाणी के आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकर्ता भंवर कंवर तिरंगे से टेबल साफ करते मिली। प्रधान और उनके साथ गई बाल विकास परियोजना अधिकारी सरस्वती बुंदेल ने तत्काल तिरंगे को अपने पास रख कर आंगनबाड़ी केंद्र का रजिस्टर जब्त कर लिया। प्रधान ने सहायक कलेक्टर मेघना चौधरी और पीसांगन तहसीलदार को तिरंगे के अपमान की जानकारी देकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह किया। प्रधान की शिकायत पर श्रीमती चौधरी ने सीडीपीओ को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
* आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ शिकायत मिली थी। पीसांगन सीडीपीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
-मेघना चौधरी, सहायक कलेक्टर
* झंडा डिब्बे में मिला है। इसका सबूत नहीं मिला कि झंडे से टेबल साफ की गई है। झंडा गंदा हो रहा था, इसलिए मामले की जांच कराई जाएगी। झंडे का अपमान करने के आरोप में संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-शिल्पा, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग