HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

अपने ही आंगन में डूबीं खुशियां..

अजमेर. अपने ही आंगन में डूबीं खुशियां.. घर में वाटर टैंक बनवाकर ढक्कन नहीं लगाने जैसी छोटी सी भूल, एक परिवार को बहुत बड़ा गम दे गई। दो साल की मुस्कान और चार वर्षीय नसीम की शक्ल में घर की खुशियां घर के आंगन में ही डूब गई। हादसा इलाके में रहने वाले मुंशी खान के घर मंगलवार रात पेश आया। हादसे के वक्त खान व उनकी पत्नी बीमार दुधमुंहे बच्चे को दिखाने के लिए अस्पताल गए हुए थे। उनकी बिटिया नसीम व मुस्कान घर में अकेली थी।

क्रिश्चियन गंज पुलिस ने बताया कि रातीडांग निवासी मुंशी खान के तीन महीने के बच्चे की तबीयत मंगलवार शाम से ही खराब थी। मुंशी व उनकी पत्नी रात नौ बजे बच्चे को लेकर पास ही स्थित प्राइवेट डॉक्टर की क्लिनिक पर गए थे। खान की पुत्री नसीम व मुस्कान घर में खेल रही थीं। क्लिनिक से लौटने पर दोनों बच्चियां घर में नजर नहीं आई। खान ने घर में तलाशने के बाद पड़ोसियों व इलाके में रहने वाले परिवारजन से भी बच्चियों के बारे में पूछताछ की, लेकिन वे कहीं नहीं मिलीं।

आशंकित मुंशी और पड़ोसियों को अचानक घर के आंगन में बने टैंक का ध्यान आया। टार्च से टैंक में देखने पर लोगों के दिल दहल गए। दोनों बच्चियां पानी में डूबी हुई थीं। लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनके प्राण पखरू उड़ चुके थे। इस बीच, क्रिश्चियन गंज चौकी के पुलिस कर्मी पहुंच गए। मौका मुआयना और मुंशी के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना को हादसा करार दिया। हर किसी की जुबान पर ..
रातीडांग इलाके में बुधवार को हर किसी की जुबान पर हादसे की चर्चा थी। लोग अंदाजा लगा रहे थे कि क्या हुआ होगा। इधर, पुलिस और बच्चियों के पिता मुंशी खान का मानना है कि दो साल की मुस्कान खेलते-खेलते टैंक के पास पहुंच गई होगी। मुस्कान को देख चार वर्षीय नसीम भी वहां आई होगी। खुले टैंक में झांकने के दौरान संतुलन बिगड़ने से मुस्कान टैंक में गिरी और उसे देखने की कोशिश में नसीम भी हादसे का शिकार बन गई होगी।

* टैंक का ढक्कन नहीं होने के कारण संभवत: एक के बाद दूसरी बच्ची भी टैंक में गिर गई। मुंशी खान और अन्य परिवारजन से पूछताछ की गई। उन्होंने पुलिस कार्रवाई से इनकार किया है।
-सुलेश चौधरी, डीएसपी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: