श्रीगंगानगर. रामसिंहपुर में बुधवार शाम एक स्कूली छात्र का अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ता कौन हैं और वे छात्र को कहां ले गए, इस बारे में फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार सातवीं कक्षा का छात्र धर्मेद्र निवासी 60 जीबी बुधवार को रामसिंहपुर शहर के सरकारी स्कूल में पढ़ने गया था।
शाम तक उसके घर न लौटने पर उसके पिता जसवंतसिंह ने धर्मेद्र की तलाश शुरू की तो कहीं पता नहीं चला। रिश्तेदारों व स्कूल में पता लगाया गया, लेकिन कहीं भी उसकी खोज-खबर नहीं लगी। अंत में उसने शक के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रामसिंहपुर थाने में धर्मेद्र के अपहरण का मुकदमा दर्ज करवा दिया। मामले की जांच एएसआई युद्धवीर को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने अभी तक उसके घर फिरौती से संबंधित कोई फोन नहीं किया है।
छात्र की संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि एक पखवाड़े में जिले में छात्र के अपहरण की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले अनूपगढ़ के ऋषभ का अपहरण किया गया था। पुलिस ने तीन दिन बाद वह मामला ट्रेस करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।