बारगढ़. उड़ीसा के इस जिले के गनियापाली गांव से कुछ अज्ञात लोगों ने भगवान बुद्ध की एक अति प्राचीन एंटीक प्रतिमा चोरी कर ली है और एक अन्य प्रतिमा को खंडित कर दिया गया है।
एसपी संजय कुमार पांडा ने कहा कि कुछ अज्ञात लोगों ने मेल्चामुंडा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के इस गांव से पिछली रात जो प्रतिमा चुराई है वह पांचवी शताब्दी की बताई गई है। एक अन्य प्रतिमा के सिर वाले भाग को तोड़ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। दोनों ही प्रतिमाएं करीब दो फीट ऊंची थीं जिनमें बुद्ध बैठी हुई मुद्रा में थे। इतिहासकारों और विशेषज्ञों का कहना है कि ये प्रतिमाएं इस बात का संकेत भी देती थीं कि इस स्थान पर उस समय बुद्ध विहार का अस्तित्व था।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारियों की उपेक्षा के कारण प्राचीन और कीमती प्रतिमाओं की चोरी व उन्हें खंडित करने की घटनाएं बढ़ रही हैं।