नई दिल्ली. किडनी के काले कारोबार के मामले में शुक्रवार को मुख्य आरोपी डॉक्टर अमित और डॉक्टर जीवन के खिलाफ इंटरपोल की मदद से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है।
विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद पुलिस ने दावा किया है कि अमित आखिरी बार 24 जनवरी को गौतमबुद्ध नगर में देखा गया था। बताया गया है कि ये दोनों डॉक्टर भारत से बाहर भाग चुके हैं। पुलिस ने देश भर के एयरपोर्टो पर अमित और जीवन के फोटो भेजकर अलर्ट कर दिया है।
वहीं, मेरठ पुलिस ने इस मामले में एक अस्पताल से एक महिला को गिरफ्तार किया है जिसका नाम एंजेला बताया जा रहा है। एंजेला हालांकि इस पूरे रैकेट से जुड़े होने की बात से इंकार कर रही है लेकिन पुलिस को उम्मीद है कि एंजेला के मार्फत उसे कई सुराग मिल सकते हैं।
किडनी के गोरखधंधे के मामले में अलवर में भी एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। अवैध रूप से किडनी के प्रत्यारोपण के इस रैकेट में पटना के एक डॉक्टर गुप्ता का भी नाम लिया जा रहा है।
मुंबई से भी जुड़े तार :
मुंबई पुलिस से जानकारी मिली है कि डॉ. अमित को छोटा शकील के सहयोगी द्वारा धमकी मिली थी और उससे एक मोटी रकम की मांग भी की गई थी। शकील का यह सहयोगी अमित से अवैध वसूली किया करता था। पुलिस को यह जानकारी एक होटल के मैनेजर ने उपलब्ध कराई है।
संबंधित खबरें
* किडनी कांड के तार जयपुर से जुड़े
* लिंडा ने उगले राज, अस्पतालों पर नजर
* किडनी केस : दिल्ली के दो अस्पतालों में छापे