News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़/नई दिल्ली. हरियाणा सरकार ने किडनी रैकेट की सीबीआई जांच की सिफारिश की है। इस बीच, इंटरपोल ने रैकेट के फरार सरगना डॉ. अमित कुमार व उसके भाई की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है।
हरियाणा के गृह सचिव केएस भोरिया ने शुक्रवार को बताया कि राज्य सरकार ने इस मामले में पुलिस महानिदेशक आरएस दलाल की विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद सीबीआई जांच की सिफारिश वाला एक पत्र केंद्र को भेजा है। केंद्र सरकार पहले ही सीबीआई जांच के पक्ष में राय जाहिर कर चुकी है। केंद्रीय जांच शुरू होने तक हरियाणा पुलिस मामले की जांच जारी रखेगी।
एनेस्थेटिस्ट गिरफ्तार : मामले में अब तक दस लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शुक्रवार को उत्तरप्रदेश पुलिस ने राजस्थान के अलवर में कंसल्टेंट एनेस्थेटिस्ट केके अग्रवाल को किडनी रैकेट में शामिल होने के संदेह में गिरफ्तार किया है।
इंटरपोल नोटिस : सीबीआई की पहल पर इंटरपोल ने डॉ. अमित कुमार व उसके भाई डॉ. जीवन कुमार की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस कर दिया है। नई दिल्ली में सूत्रों ने बताया कि इसके लिए हरियाणा पुलिस ने जांच ब्यूरो से अनुरोध किया था।
किडनी चोरी से अस्पताल का इनकार: लखनऊ के रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम ने गत नवंबर में चार साल के बालक के शरीर से अवैध रूप से किडनी निकालने के आरोप से इनकार किया है।
अस्पताल के डायरेक्टर महाराज कृष्णानंद स्वामी ने यहां शुक्रवार को मीडिया से कहा कि कैंसरग्रस्त होने के कारण बालक की दाहिनी किडनी निकाली गई थी। उन्होंने कहा कि बालक प्रियांशु के माता-पिता को न सिर्फ इसकी जानकारी दे दी गई थी, बल्कि बायोप्सी के लिए संक्रमित किडनी भी सौंप दी गई थी। अस्पताल ने मामले के सारे दस्तावेज मीडिया के सामने रखे और किसी भी तरह की जांच का सामना करने की तैयारी दर्शाई। बालक के पिता अनिल पांडे ने गत गुरुवार को सेवाश्रम पर अवैध रूप से किडनी निकालने का आरोप लगाया था।