मुंबई. बॉलीवुड के बेताज बादशाह अमिताभ बच्चन के महाराष्ट्र प्रेम पर राज ठाकरे द्वारा उंगली उठाने के मामले ने तूल पकड़ ली है। इस बयान की सपा नेता अमर सिंह द्वारा आलोचना किए जाने के बाद राज ठाकरे ने अपशब्द इस्तेमाल करते हुए कहा कि अमर सिंह को मुंबई में नहीं घुसने दिया जाएगा।
राज ठाकरे के तेवर :
एक समाचार चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ने अमर सिंह की प्रतिक्रिया का जवाब देते हुए आज कहा है कि उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस नहीं मनाने दिया जाएगा और अमर सिंह को मुंबई में प्रवेश भी नहीं करने दिया जाएगा। राज ने साफ कहा कि अगर महाराष्ट्र में रहना है तो महाराष्ट्र के नाम की माला जपना होगी।
राज ने अमर सिंह के लिए मेंढक शब्द का इस्तेमाल किया। वहीं, लालू प्रसाद यादव की बुराई लालू के ही अंदाज में की। राज ने कृपाशंकर सिंह का पुराना ब्लेड कहा और अबु आजमी को खाबू आजमी।
कल ही निकालूंगा मुंबई में रैली :
राज के इन तेवरों का मुंहतोड़ जवाब देते हुए अमर सिंह ने कहा है कि वे राज के किसी भी हथियार से नहीं डरने वाले हैं और समाजवादी पार्टी ऐसी ओछी हरकतों से डरती नहीं बल्कि डटकर मुकाबला करती है। मैं राज से डरता नहीं हूं और यूपी के स्थापना दिवस पर रविवार को ही मुंबई मे रैली निकालूंगा। अमर सिंह ने राज को विक्षिप्त और राजनीतिक दृष्टि से दिवालिया की संज्ञा दी।
अमर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख से अपनी सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।