कोलकाता/शिलांग. पश्चिम बंगाल के बर्ड फ्लू ग्रस्त 13 जिलों में से ज्यादातर में मुर्गे-मुर्गियों को मारने का काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। अब तक 27 लाख मुर्गे-मुर्गियों को मारा जा चुका है और शेष लगभग एक लाख को भी मार दिया जाएगा।
राज्य के पशु संसाधन विकास विभाग में सचिव डी चक्रवर्ती ने बताया कि मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निर्देशानुसार बाकी मुर्गे-मुर्गियों को मारने का काम रविवार को पूरा कर लिया जाएगा।
मेघालय में अलर्ट: मेघालय सरकार ने असम में बर्ड फ्लू फैलने और मणिपुर में प्रवासी पक्षियों की मौत के बाद अलर्ट घोषित कर दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार ने पोल्ट्री व इसके उत्पादों के आयात पर पाबंदी लगा दी है।