जोधपुर.
संभाग में बादल छाए रहने व दिनभर बूंदाबांदी के बाद शाम को तेज बरसात होने से ढीले पड़े ठंड के तेवर शनिवार शाम को तीखे हो गए। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि बादल छंटने के साथ ही पारा गिरने से ठंड और तेज होगी।
जोधपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर से दो दिन तक राहत पाने के बाद शनिवार को सुबह से छाए रहे बादलों के बाद दोपहर को बूंदाबांदी हुई। उसके बाद शाम सात बजे तेज बरसात से ठंड के तेवर तीखे हो गए। तेज ठंडी हवाओं ने कड़ाके की सर्दी से पूरे संभाग को अपनी चपेट में ले लिया।
शाम होते-होते सड़के सूनी नजर आने लगी,दुकानदार जल्दी ही अपना कामकाज छोड़कर घरों की ओर लौटने लगे। चाय के ढाबों पर जरूरत कामगार चाय की चुस्की लेते नजर आए। संभाग के अन्य जिलों में भी तेज बरसात होने से ठंड बढने से जनजीवन पर असर पड़ा है। इस मौसम में सुबह के सत्र में छाए कोहरे व शाम होते ही तेज बरसात से सबसे अधिक तकलीफ वाहन चालकों को हुई है।
मौसम विभाग की चेतावनी
बादल छंटने के साथ ही पारा 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा, जोधपुर और उसके आसपास के 50 किलोमीटर क्षेत्र में तेज ठंडी हवाए चलेंगी। फसलें हुई चौपट : रात को पाला गिरने का क्रम निरंतर जारी रहने व बादल छाए रहने से जीरा और रायड़े की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। ईसबगोल के खिले हुए फूल जलने लगे हैं। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों की बची हुई फसलों को बचाने के लिए गांवों में जाकर शिविर लगाने शुरू कर दिए हैं।